MUNGER: मुंगेर के जमालपुर में रिटायर्ड शिक्षक के घर हथियारबंद अपराधियों ने डकैती की वारदात को अंजाम दिया है। पांच नकाबपोश अपराधी छत के रास्ते घर में दाखिल हुए और परिवार के सदस्यों को हथियार के बल पर बंधक बना लिया। करीब 45 मिनट तक डकैत घर में रहे और 15 लाख रुपये के जेवरात और साढ़े तीन लाख रुपये कैश लेकर फरार हो गए।
मामला जमालपुर थाना क्षेत्र के फरीदपुर दास टोली का है, जहां मंगलवार की अहले सुबह रिटायर्ड शिक्षक मनोज कुमार दास के घर पांच नकाबपोश अपराधियों ने धावा बोल दिया। परिजनों के मुताबिक, करीब तीन बजे एक अपराधी छत के रास्ते घर में दाखिल हुआ और अंदर से मुख्य दरवाजा खोल दिया। इसके बाद चार अन्य हथियारबंद अपराधी घर में घुस गए।
अपराधियों ने मनोज दास के बेटे सौरभ के साथ मारपीट की और उसे एक कमरे में बंद कर दिया। शोर सुनकर मनोज दास और उनकी पत्नी आशा देवी जागे तो बदमाशों ने हथियार के बल पर पूरे परिवार को बंधक बना लिया। इसके बाद गोदरेज की चाबी लेकर अपराधियों ने करीब 15 लाख रुपये के जेवरात, साढ़े तीन लाख रुपये नकद और अन्य कीमती सामान लूट लिया।
पीड़ित परिवार के मुताबिक, लूटे गए जेवरात बेटी की शादी के लिए बनवाकर रखे गए थे। परिवार ने बताया कि वर्ष 2023 में उनकी पुलिस अधिकारी बेटी प्रभा भारती की कटिहार में हत्या कर दी गई थी। घटना की सूचना डायल 112 पर दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। जमालपुर थानाध्यक्ष पंकज कुमार पासवान ने बताया कि लूट की सूचना मिली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और लिखित आवेदन मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।