MUNGER: मुंगेर के कोतवाली थाना क्षेत्र के बेकापुर किराना पट्टी के पीछे वाली गली में दिनदहाड़े फायरिंग से इलाके में अफरातफरी मच गई। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के दुकानदारों और स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही 112 की टीम और कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
दुकानदार से विवाद के बाद फायरिंग का आरोप
बेकापुर स्थित मुंगेर सोलर सॉल्यूशन के प्रोपराइटर योगेंद्र मंडल के मुताबिक, उनकी दुकान के बाहर एक युवक ई-रिक्शा पर बैठकर फोन पर किसी घटना को अंजाम देने की बात कर रहा था। संदेह होने पर दुकानदार ने युवक को वहां से चले जाने के लिए कहा। दुकानदार के अनुसार, कुछ देर बाद वही युवक तीन-चार अन्य युवकों के साथ दुकान पर पहुंचा और गाली-गलौज करने लगा। स्थानीय लोगों के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हुआ और सभी वहां से चले गए।
योगेंद्र मंडल का आरोप है कि कुछ देर बाद वही युवक तीसरी बार हथियार लेकर दुकान पर पहुंचा और गाली-गलौज करने लगा। आसपास के लोगों ने उसे समझाकर वहां से हटा दिया। आरोप है कि जाते-जाते युवक ने हवा में गोली चला दी और मौके से फरार हो गया। दुकानदार के मुताबिक, इससे पहले भी आरोपी दो बार दुकान पर आकर गाली-गलौज और धमकी दे चुका था।
CCTV खंगालने में जुटी पुलिस
फायरिंग की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच की। पुलिस ने आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज भी खंगाले। पुलिस के मुताबिक, फायरिंग की घटना CCTV कैमरे में कैद हुई है। पीड़ित दुकानदार ने संदलपुर निवासी एक युवक पर गोली चलाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने उसे आरोपितों के खिलाफ लिखित आवेदन देने को कहा है। आवेदन मिलने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर पूरे मामले की जांच में जुटी है। वहीं, लगातार धमकी मिलने के बाद दिनदहाड़े फायरिंग की घटना से बेकापुर के व्यवसायियों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।