MUNGER: मुंगेर में पैसे के लेनदेन को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। घटना कासिम बाजार थाना क्षेत्र के हसनगंज गांव की है, जहां 50 हजार रुपये के कर्ज को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए।


 देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों ओर से मारपीट शुरू हो गई। इस घटना में एक पक्ष से मां-बेटे समेत तीन लोग घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए मुंगेर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अस्पताल पहुंची और दोनों पक्षों से पूछताछ कर मामले की जांच में जुट गई है।


दरअसल, पूरा मामला मुंगेर जिले के कासिम बाजार थाना क्षेत्र के हसनगंज गांव का है। बताया जाता है कि गांव के ही गोरेलाल यादव से मृत्युंजय कुमार ने 50 हजार रुपये कर्ज लिया था। इसी रुपये के लेनदेन को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ। घायल रूमा देवी, पति मृत्युंजय कुमार ने बताया कि उनके पति ने गोरेलाल यादव से 50 हजार रुपये कर्ज लिया था, जिसे समाज के लोगों के सामने वापस कर दिया गया था। उनका दावा है कि रुपये लौटाने के बाद गोरेलाल ने एग्रीमेंट का कागज भी फाड़ दिया था।


रूमा देवी के अनुसार, परिवार के लोग बाहर रहते हैं और दीपावली के अवसर पर घर आए हुए थे। इसी दौरान सोमवार को गोरेलाल यादव कुछ लोगों के साथ उनके घर पहुंचा और उनके बेटे मोनू कुमार के साथ मारपीट करने लगा। बेटे को बचाने पहुंची रूमा देवी के साथ भी मारपीट की गई, जिसमें मां-बेटे दोनों घायल हो गए। वहीं, दूसरे पक्ष के घायल गोरेलाल यादव ने इन आरोपों से अलग अपनी बात रखते हुए बताया कि वह अपने घर जा रहा था। 


इसी दौरान दूसरे पक्ष के लोगों ने उसे घेरकर मारपीट की, जिसमें वह घायल हो गया। इधर, घटना के बाद दोनों पक्ष कासिम बाजार थाना पहुंचे, जहां से पुलिस ने सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। कासिम बाजार थानाध्यक्ष रूबीकांत ने बताया कि रुपये के लेनदेन को लेकर दो पक्षों में मारपीट हुई है। पुलिस दोनों पक्षों के आरोपों की जांच कर रही है। जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।    

मुंगेर से मोहम्मद इम्तियाज की रिपोर्ट