Bihar Crime News: बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के तुरकौलिया थाना क्षेत्र में एक युवक की चाकू से गोदकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। मंगलवार सुबह जयसिंहपुर में रेतवा नदी के किनारे युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक के शरीर पर चाकू से करीब दो दर्जन वार किए जाने की बात सामने आई है।



मृतक की पहचान जयसिंहपुर खिरुआ बाजार निवासी भूलन साह के पुत्र दीपक कुमार के रूप में हुई है। शव मिलने की सूचना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। परिजनों के पहुंचने के बाद घटनास्थल पर कोहराम मच गया।



परिजनों के अनुसार, सोमवार रात करीब आठ बजे सुनील साह का पुत्र और दो अन्य युवक दीपक को उसके घर से बुलाकर अपने साथ ले गए थे। इसके बाद दीपक वापस घर नहीं लौटा। मंगलवार सुबह नदी किनारे उसका शव मिलने की सूचना मिली, जिसके बाद परिजन मौके पर पहुंचे। परिजनों ने शव की स्थिति देखकर हत्या की आशंका जताई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।



घटना की सूचना मिलते ही सदर डीएसपी दिलीप कुमार, तुरकौलिया थानाध्यक्ष रंजीत कुमार और दारोगा मनीष राज पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले की जांच शुरू की। डीएसपी के निर्देश पर एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाने का काम शुरू कर दिया है।



पुलिस को घटनास्थल से मीट-भूंजा और शराब के खाली पाउच भी मिले हैं। इन बरामद वस्तुओं के आधार पर आशंका जताई जा रही है कि हत्या से पहले दीपक और उसके साथ गए युवकों ने वहां खाना-पीना किया होगा। हालांकि, पुलिस ने इस बात की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।



दीपक के शरीर पर चाकू से करीब दो दर्जन वार किए जाने की बात सामने आने के बाद पुलिस हत्या के कारणों की जांच में जुटी है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही उन युवकों के बारे में जानकारी जुटा रही है, जो सोमवार रात दीपक को अपने साथ ले गए थे।



सदर डीएसपी दिलीप कुमार ने बताया कि मामले में छापेमारी की जा रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम काम कर रही है। उन्होंने कहा कि हत्यारों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। फिलहाल पुलिस हत्या के पीछे की वजह और घटना में शामिल लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों और जांच के आधार पर हत्या की वास्तविक वजह तथा आरोपियों की पहचान स्पष्ट होगी।

रिपोर्ट- सोहराब आलम, मोतिहारी