Bihar Crime News: मोतिहारी जिले से एक प्राचीन मंदिर में चोरी का मामला सामने आया है, जहां रात के अंधेरे में चोरों ने राम-जानकी मंदिर में स्थापित पौराणिक अष्टधातु की मूर्ति चोरी कर ली। हालांकि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चोरी की गई मूर्ति को बरामद कर लिया और एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।



यह घटना जिले के लखौरा थाना क्षेत्र के लखौरा चौक के समीप स्थित राम-जानकी मंदिर की है। बताया जा रहा है कि देर रात कुछ चोर मंदिर में पहुंचे और वहां स्थापित भगवान राम, लक्ष्मण और माता सीता की अष्टधातु की प्राचीन मूर्ति लेकर फरार हो गए।



सुबह जब श्रद्धालु पूजा करने मंदिर पहुंचे तो उन्होंने देखा कि मंदिर से भगवान की मूर्ति गायब है। इसके बाद ग्रामीणों ने इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी। सूचना मिलते ही लखौरा थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी।



पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए स्थानीय निवासी आमोद कुमार साह को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने मूर्ति छिपाने की जगह बताई। इसके बाद पुलिस आरोपी को लेकर मौके पर पहुंची, जहां जमीन में दबाकर रखी गई अष्टधातु की मूर्ति को आरोपी ने खुद निकालकर पुलिस के हवाले कर दिया।



फिलहाल पुलिस इस मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। पुलिस चोरी की पूरी घटना की जांच कर रही है और अन्य संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। घटना के बाद मोतिहारी एसपी ने जिले के सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्र के प्राचीन और ऐतिहासिक मंदिरों की सुरक्षा बढ़ाने का निर्देश दिया है।



एसपी ने मंदिरों में सीसीटीवी कैमरे लगवाने के लिए स्थानीय लोगों को प्रेरित करने को कहा है। वहीं, इस मामले में लापरवाही बरतने पर एसपी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गश्ती दल के पुलिसकर्मियों और चौकीदार को निलंबित कर दिया है। 

रिपोर्ट- सोहराब आलम, मोतिहारी