Bihar Crime News: मोतिहारी में नाबालिग बच्चियों से आर्केस्ट्रा में काम कराने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। कोटवा थाना क्षेत्र के कोटवा ओवरब्रिज के समीप संचालित तीन आर्केस्ट्रा से पुलिस ने कुल 16 नाबालिग बच्चियों को सकुशल रेस्क्यू किया है।
इस दौरान तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है। जानकारी के अनुसार, 27 नवंबर 2026 को पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कोटवा ओवरब्रिज के आसपास नाबालिग बच्चियों से आर्केस्ट्रा में काम कराया जा रहा है।
सूचना मिलते ही कोटवा थाना, महिला थाना और एएचटीयू की टीम ने विभिन्न स्वयंसेवी संस्थाओं के सहयोग से संयुक्त छापेमारी अभियान चलाया। इस दौरान बच्चियों को सुरक्षित मुक्त कराया गया।
पुलिस ने मौके से छह डीजे बॉक्स भी जब्त किए हैं। गिरफ्तार आरोपितों में बीरेंद्र कुमार, शाहिद शर्मा और समेक लाल शामिल हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
रिपोर्ट- सोहराब आलम, मोतिहारी