मोतिहारी: पूर्वी चंपारण जिले के मोतिहारी में राजेपुर थाना क्षेत्र में पिछले महीने एक दलित नाबालिग लड़की के साथ कथित दुष्कर्म की घटना को लेकर भीम आर्मी और दलित सेना के कार्यकर्ताओं ने न्याय मार्च निकाला। प्रदर्शनकारियों ने जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन से पीड़ित परिवार को शीघ्र न्याय दिलाने तथा मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।
न्याय मार्च के दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि मामले में लीपापोती की जा रही है और दोषियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है।
जिलाधिकारी कार्यालय के बाहर सुरक्षा बढ़ाई गई
मार्च के दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ता जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनज़र पुलिस ने डीएम कार्यालय का मुख्य गेट बंद कर दिया। पूरे परिसर में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई और प्रशासनिक अधिकारी स्थिति पर लगातार नजर बनाए रहे।
एसपी ने पीड़ित परिवार से की मुलाकात
इस बीच पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने पीड़ित परिवार से मुलाकात की और उन्हें निष्पक्ष जांच तथा न्याय दिलाने का भरोसा दिया। उन्होंने आश्वासन दिया कि मामले की जांच कानून के अनुसार की जाएगी और दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ प्रदर्शन
प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। प्रशासन ने पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए रखी और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक सुरक्षा इंतजाम किए।
मोतिहारी से सोहराब आलम की रिपोर्ट