MOTIHARI: मोतिहारी पुलिस ने साइबर फ्रॉड के एक बड़े गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। यह गिरोह पाकिस्तान में बैठे साइबर अपराधियों के संपर्क में रहकर भारतीय लोगों को ठगी का शिकार बना रहा था।


पुलिस ने इस मामले के मास्टरमाइंड अंकित कुमार को पहले गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में कई अहम खुलासे हुए, जिसके आधार पर पुलिस ने गिरोह के चार अन्य सदस्यों को भी दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपियों में युवराज कुमार, मोहम्मद साहिल और चुन्नू कुमार शामिल हैं, जो सभी इसी जिले के निवासी बताए जा रहे हैं।


इस संबंध में चकिया डीएसपी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कल्याणपुर बाजार स्थित एक एटीएम के पास से अंकित कुमार को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने खुलासा किया कि वह पाकिस्तान में बैठे साइबर ठगों के साथ मिलकर काम करता था।


गिरोह का तरीका बेहद सुनियोजित था। ये लोग ‘डिजिटल अरेस्ट’ का डर दिखाकर लोगों से पैसे वसूलते थे और फिर सीडीएम (कैश डिपॉजिट मशीन) के जरिए वह रकम पाकिस्तान भेज दी जाती थी। इस पूरे नेटवर्क में शामिल स्थानीय आरोपियों को ठगी की रकम का लगभग 10 प्रतिशत हिस्सा मिलता था।


पुलिस ने आगे की छापेमारी में गिरोह के अन्य सदस्यों को भी गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल सभी आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है और इस अंतरराष्ट्रीय साइबर फ्रॉड नेटवर्क की अन्य कड़ियों को जोड़ने का प्रयास जारी है।