Bihar Crime News: पटना के मोकामा में महिला सिपाहियों पर अश्लील टिप्पणी करने और शराब के नशे में पाए जाने के आरोप में मोकामा नगर परिषद के तीन संविदाकर्मियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपितों में प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना के तकनीकी सहायक राधेश्याम कुमार, आवास सहायक गोपाल कुमार और प्रभारी लेखापाल सौरभ राज शामिल हैं। पुलिस ने तीनों को ब्लड और यूरिन जांच के लिए बाढ़ भेज दिया है। वहीं, नगर परिषद प्रशासन ने भी उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू करते हुए सेवा से हटाने की प्रक्रिया आरंभ कर दी है।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात करीब 12 बजे कुछ महिला सिपाही मोकामा थाना परिसर से विश्राम के लिए नगर परिषद कार्यालय जा रही थीं। उनकी सुरक्षा के लिए पुरुष पुलिसकर्मी भी साथ चल रहे थे। इसी दौरान नगर परिषद कार्यालय से सटे एक मकान की छत पर मौजूद तीन युवकों ने महिला सिपाहियों पर अश्लील और आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं।
महिला सिपाहियों के साथ मौजूद पुलिसकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद तीनों युवकों को हिरासत में लेकर मोकामा थाना पहुंचाया। थाने में ब्रेथ एनालाइजर से जांच करने पर तीनों शराब के नशे में धुत पाए गए, जिसके बाद उन्हें तत्काल गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ शराबबंदी कानून और अन्य संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए ब्लड एवं यूरिन सैंपल जांच के लिए बाढ़ भेजा है। मोकामा पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद तीनों को बाढ़ कोर्ट में पेशी के लिए भेज दिया।
प्रभारी थानाध्यक्ष सत्यम कुमार ने तीनों के शराब के नशे में होने की पुष्टि की है। वहीं, बाढ़ एसडीपीओ रामकृष्णा ने बताया कि महिला सिपाहियों के साथ छेड़छाड़ और अश्लील टिप्पणी की शिकायत पर तीनों को पकड़ा गया था। जांच के दौरान उनके शराब के नशे में होने की पुष्टि होने पर उन्हें गिरफ्तार किया गया। उन्होंने कहा कि मामले को मजबूत बनाने के लिए आरोपितों के खून की भी जांच कराई गई है।
सूत्रों के अनुसार, शराब सेवन की पुष्टि होने के बाद तीनों नगर परिषद कर्मियों को छोड़ने के लिए पुलिस पर दबाव बनाने की भी कोशिश की गई, हालांकि पुलिस ने कानूनी कार्रवाई जारी रखी। मामले की गंभीरता को देखते हुए नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी संतोष कुमार रजक ने बताया कि पुलिस की जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद तीनों संविदाकर्मियों को सेवा से हटाने के लिए विभाग को अनुशंसा भेजी जाएगी।