Bihar News: झारखंड के पलामू जिले के मेदिनीनगर से लापता हुई तीन नाबालिग लड़कियों को पुलिस ने बिहार के गोपालगंज से बरामद कर लिया है। पुलिस के अनुसार, तीनों लड़कियां गोपालगंज के नेपाल सीमा से सटे इलाके में मजदूरी कर रही थीं।



मेदिनीनगर टाउन थाना क्षेत्र से तीनों नाबालिग लड़कियां 24 सितंबर को लापता हुई थीं। परिजनों की सूचना के बाद पुलिस ने मामले में अपहरण का केस दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने तकनीकी अनुसंधान के जरिए लड़कियों की लोकेशन का पता लगाया। जांच के दौरान पलामू पुलिस को जानकारी मिली कि तीनों नाबालिग बिहार के गोपालगंज इलाके में हैं।



सूचना मिलने के बाद मेदिनीनगर टाउन थाना की पुलिस ने एक विशेष टीम गठित कर उसे गोपालगंज भेजा। टीम ने स्थानीय स्तर पर कार्रवाई करते हुए तीनों नाबालिग लड़कियों को सकुशल बरामद कर लिया।बरामद की गई तीन लड़कियों में दो चचेरी बहनें हैं। पुलिस अब तीनों से पूछताछ कर उनके घर से निकलने और गोपालगंज पहुंचने की पूरी जानकारी जुटा रही है।



पुलिस की प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घटना से पहले तीनों लड़कियां मेदिनीनगर के गांधी पार्क घूमने गई थीं। इसके बाद वे घर लौट आई थीं। घर पहुंचने पर परिजनों ने उन्हें डांट दिया, जिससे नाराज होकर तीनों घर से बाहर निकल गईं। इसके बाद वे बिहार के गोपालगंज पहुंच गईं, जहां नेपाल सीमा से सटे इलाके में मजदूरी करने लगी थीं।



पलामू के एसपी कपिल चौधरी ने बताया कि मेदिनीनगर से तीन नाबालिग लड़कियां लापता हुई थीं। पुलिस ने तीनों को बरामद कर लिया है। उनके लापता होने के मामले में अपहरण का केस दर्ज किया गया था। पुलिस अब मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है और यह पता लगाने में जुटी है कि तीनों लड़कियां मेदिनीनगर से गोपालगंज तक कैसे पहुंचीं और इस दौरान उनके साथ कौन-कौन लोग संपर्क में थे।