MADHUBANI:मधुबनी के साहरघाट थाना क्षेत्र में अपराधियों के हौसले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। बाजार में आई एक महिला से चेन छिनतई की घटना के24 घंटे के भीतर एक और बड़ी वारदात ने इलाके में दहशत फैला दी है।


ताजा मामला नायक गेट के पास बुधवार दोपहर करीब 2 बजे का है, जहां दिनदहाड़े छिनतई की सनसनीखेज घटना सामने आई। मिली जानकारी के अनुसार, थाना क्षेत्र के तरैया गांव निवासी फेंकू मंडल की पत्नी रेनू देवी साहरघाट स्थित सरदार चौक के स्टेट बैंक से पैसे निकालकर अपने घर लौट रही थीं। बताया जाता है कि बैंक से ही एक युवक उनका पीछा कर रहा था।


जैसे ही महिला नायक गेट के पास पहुंचीं, आरोपी युवक ने उन्हें रोक लिया। उसने महिला को झांसा दिया कि उनके पास 2 लाख रुपये हैं और उन्हें एक कागज की गड्डी थमा दी। इसी दौरान आरोपी ने महिला से जबरन 50 हजार रुपये नकद छीन लिए और मौके से फरार हो गया।


कुछ देर बाद जब महिला ने दी गई गड्डी खोली, तो उसमें रुपये की जगह सिर्फ कागज निकले। यह देखकर वह घबरा गईं और जोर-जोर से चिल्लाने लगीं। सदमे के कारण उनकी तबीयत बिगड़ गई और वह बेहोश होने लगीं। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए और इलाके में भारी भीड़ लग गई।


सूचना मिलने पर साहरघाट थाना के एसआई कृष्ण कुमार, एएसआई शिव चरण यादव और डायल 112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर बदमाश की पहचान में जुटी हुई है। लगातार हो रही छिनतई की घटनाओं से स्थानीय लोगों में आक्रोश और दहशत का माहौल है। फिलहाल पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है।