Bihar Crime News: बिहार के मधुबनी में अपराधियों ने पुलिस बनकर बीजेपी नेता से दिनदहाड़े सोने के आभूषण लूट लिए। घटना नगर थाना क्षेत्र में डीएम आवास के पास गुरुवार दोपहर करीब 2:30 बजे की बताई जा रही है। 



पीड़ित की शिकायत के अनुसार, दो से तीन बाइक पर सवार 4-5 अपराधियों ने उन्हें आगे-पीछे से घेरकर रोका और पुलिस होने का दावा करते हुए सोने की चेन और अंगूठी उतरवा ली। इसके बाद पिस्टल दिखाकर अपराधी मौके से फरार हो गए।



पुलिस बताकर रोका, डकैती का दिया झांसा

पीड़ित की पहचान पंडौल प्रखंड की पूर्व प्रमुख आशा देवी के पति हीरा लाल दास के रूप में हुई है। उन्होंने पुलिस को बताया कि वह बाइक से डीएम आवास के पास से गुजर रहे थे। इसी दौरान दो से तीन बाइक पर सवार 4-5 लोगों ने उन्हें आगे और पीछे से घेरकर रोक लिया।



आरोपियों ने खुद को पुलिसकर्मी बताते हुए कहा कि शहर में अभी-अभी डकैती हुई है और सोना पहनकर जाने पर रोक है। इसी बहाने अपराधियों ने उन्हें अपने आभूषण उतारने के लिए कहा।



पिस्टल सटाकर छीनी चेन और अंगूठी

हीरा लाल दास के मुताबिक, वह कुछ समझ पाते, इससे पहले ही आरोपियों ने उनके गले से सोने की चेन और उंगली से सोने की अंगूठी उतरवा ली। विरोध करने या शोर मचाने की कोशिश करने पर अपराधियों ने पिस्टल दिखाकर उन्हें धमकाया। इसके बाद आभूषण लेकर सभी आरोपी बाइक से फरार हो गए। पीड़ित के अनुसार, लूटे गए सोने के आभूषणों की अनुमानित कीमत करीब 2.50 लाख रुपये है।



CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

घटना के बाद पीड़ित नगर थाना पहुंचे और थानाध्यक्ष मनोज कुमार को पूरी घटना की जानकारी दी। उनकी शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी में जुटी है।



पुलिस बनकर लूट से इलाके में दहशत

दिनदहाड़े पुलिस बनकर लूट की घटना सामने आने के बाद आसपास के इलाके में सनसनी फैल गई है। स्थानीय लोगों में इस बात को लेकर दहशत है कि अपराधी पुलिस की पहचान बताकर कहीं भी लोगों को रोककर लूटपाट कर सकते हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।

रिपोर्ट- कुमार गौरव, मधुबनी