MADHUBANI: मधुबनी जिले के बासोपट्टी थाना क्षेत्र के दुबही बाजार में भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सीमा सुरक्षा के साथ-साथ नकली भारतीय मुद्रा (Fake Indian Currency Notes-FICN) के अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत 48वीं वाहिनी, सशस्त्र सीमा बल, जयनगर को एक महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त हुई है। विश्वसनीय आसूचना के आधार पर एसएसबी, बिहार पुलिस, बिहार एसटीएफ एवं बिहार पुलिस एसओजी की संयुक्त टीम द्वारा की गई विशेष कार्रवाई में ₹50,150/- मूल्य की संदिग्ध नकली भारतीय मुद्रा (FICN) तथा 02 मोबाइल फोन बरामद किए गए। साथ ही दो भारतीय व्यक्तियों को गिरफ्तार कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई प्रारंभ की गई है।
विश्वसनीय आसूचना प्राप्त हुई थी कि भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र के दुहबी बाजार में स्थित एक दुकान के माध्यम से संदिग्ध नकली भारतीय मुद्रा को एकत्रित कर विभिन्न बाजारों में खपाने का प्रयास किया जा रहा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में 48वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, बिहार पुलिस (थाना बासोपट्टी), बिहार एसटीएफ तथा बिहार पुलिस एसओजी की संयुक्त टीम गठित की गई। 02 अगस्त 2026 को संयुक्त टीम ने योजनाबद्ध ढंग से संबंधित स्थान पर पहुंचकर घेराबंदी कर विशेष तलाशी अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान दो संदिग्ध व्यक्तियों ने मौके से निकलने का प्रयास किया, किन्तु सुरक्षा बलों की सतर्कता एवं त्वरित कार्रवाई के कारण दोनों को मौके पर ही पकड़ लिया गया।
स्वतंत्र गवाहों की उपस्थिति में दोनों व्यक्तियों के कब्जे में रखे बैग की विधिवत तलाशी लेने पर उसमें से ₹50,150/- मूल्य की संदिग्ध नकली भारतीय मुद्रा (FICN) बरामद हुई। इसके अतिरिक्त उनके कब्जे से 02 मोबाइल फोन भी जब्त किए गए।
💰 बरामद सामग्री
₹50 मूल्य के 81 नोट = ₹4,050/-
₹100 मूल्य के 110 नोट = ₹11,000/-
₹200 मूल्य के 33 नोट = ₹6,600/-
₹500 मूल्य के 57 नोट = ₹28,500/-
कुल संदिग्ध नकली भारतीय मुद्रा (FICN): ₹50,150/-ओप्पो मोबाइल – 01 वीवो मोबाइल – 01
संयुक्त कार्रवाई के दौरान गिरफ्तार दोनों व्यक्ति भारतीय नागरिक की पहचान दुहबी बाजार, वार्ड संख्या-11, थाना बासोपट्टी, जिला मधुबनी (बिहार)।
📍 निवासी – भटचौरा, वार्ड संख्या-06, थाना बाबूबरही, जिला मधुबनी (बिहार)।
🔍 प्रारंभिक जांच में खुलासा
प्रारंभिक पूछताछ में यह तथ्य सामने आया कि संदिग्ध नकली भारतीय मुद्रा को सीमा क्षेत्र में संग्रहित कर जयनगर, बासोपट्टी, मधुबनी एवं आसपास के बाजारों में चलाने की योजना थी। इस अवैध गतिविधि से जुड़े अन्य व्यक्तियों तथा संभावित नेटवर्क के संबंध में गहन जांच की जा रही है। बरामद नकली भारतीय मुद्रा के स्रोत एवं पूरे सिंडिकेट का पता लगाने के लिए संबंधित एजेंसियों द्वारा विस्तृत अनुसंधान जारी है।
बरामद संदिग्ध नकली भारतीय मुद्रा, मोबाइल फोन एवं गिरफ्तार व्यक्तियों के विरुद्ध विधि सम्मत जब्ती एवं गिरफ्तारी की कार्रवाई पूर्ण कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई हेतु पुलिस थाना बासोपट्टी, जिला मधुबनी को सुपुर्द करने की प्रक्रिया जारी है।