Bihar Marriage Fraud: बिहार में शादी कराने के नाम पर दूसरे राज्यों के युवकों को ठगने का मामला सामने आया है. मधेपुरा जिले में सक्रिय गिरोह पर शादी का झांसा देकर रुपये वसूलने, मारपीट करने और शादी के बाद दुल्हन के जेवर लेकर फरार होने जैसे आरोप लगे हैं. पिछले चार महीनों में इस तरह के तीन मामले दर्ज किए गए हैं. ताजा मामला रतवारा थाना क्षेत्र का है, जहां उत्तर प्रदेश के एक युवक ने शादी कराने के नाम पर बुलाकर रुपये छीनने और मारपीट करने का आरोप लगाया है.
पुलिस ने इस मामले में चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है. इनमें नामजद दो महिलाओं को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. वहीं, जुलाई और अगस्त में भी दूसरे राज्यों से आए युवकों और उनके परिजनों ने शादी के नाम पर ठगी की शिकायत दर्ज कराई थी. तीनों मामलों में शादी का भरोसा देकर रुपये या कीमती सामान लेने के आरोप सामने आए हैं.
उत्तर प्रदेश के युवक को शादी का झांसा देकर बुलाया
ताजा मामला रतवारा थाना क्षेत्र का है. उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले के राजपुरा निवासी रंजीत ने पुलिस को दिए आवेदन में आरोप लगाया कि उसे बिहार में सुंदर लड़की से शादी कराने का भरोसा देकर बुलाया गया था. इस मामले में रतवारा वार्ड संख्या-1 निवासी सीता देवी, मुरौत वार्ड संख्या-13 निवासी मुन्नी देवी और अन्य लोगों पर आरोप लगाए गए हैं.
रंजीत के अनुसार, वह 16 अक्टूबर को अपने घर से निकला और 18 अक्टूबर को मानसी रेलवे स्टेशन पहुंचा. वहां नाग शंभू पासवान और ऑटो चालक राजा पासवान उसे सीता देवी के घर ले गए. आरोप है कि रात में उसे दो-तीन लड़कियां दिखाई गईं और शादी कराने के बदले 70 से 80 हजार रुपये की मांग की गई.
इसके बाद 19 अक्टूबर को उसे बाजार ले जाकर करीब 15 हजार रुपये के कपड़े खरीदवाए गए. इनमें 3,800 रुपये मोबाइल से भुगतान किए गए, जबकि बाकी रकम नकद दी गई. रंजीत का आरोप है कि बाद में उसे कपसिया दुर्गा मेला ले जाया गया, जहां रुपये देने का दबाव बनाया गया. विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई और करीब 20 हजार रुपये छीन लिए गए. इसके बाद उसने रतवारा थाने में शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है.
मध्य प्रदेश से शादी करने आए परिवार ने लगाए आरोप
शादी के नाम पर ठगी का दूसरा मामला अगस्त में सामने आया था. मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के राजनगर निवासी राजन कुमार ने आलमनगर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी. उन्होंने आरोप लगाया कि खगड़िया के पहाड़पुर निवासी मनोहर कुमार ने उनके भाई की शादी कराने का भरोसा दिया था.
राजन के मुताबिक, 3 अगस्त को वह अपनी मां और रिश्तेदारों के साथ खगड़िया पहुंचे थे. वहां एक महिला के फोन करने के बाद उन्हें खुरहान से आलमनगर बाजार ले जाया गया, जहां करीब 34,500 रुपये का सामान खरीदवाया गया.
आरोप है कि उनके भाई संजू की शादी के बाद परिवार से 25 हजार रुपये जबरन ले लिए गए. इसके अलावा, दुल्हन को दिए गए सोने-चांदी के जेवर भी अपने पास रख लिए गए. इस मामले में पंडित बबलू मंडल, जितेंद्र समेत अन्य लोगों की संलिप्तता का आरोप लगाया गया था. मामले में आलमनगर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी.
राजस्थान के दूल्हे के परिवार से 1.25 लाख रुपये लेने का आरोप
तीसरा मामला जुलाई का है, जब राजस्थान के भवानी शंकर और उनके परिजनों ने शादी के नाम पर ठगी और मारपीट की शिकायत की थी. आरोप के मुताबिक, मधेपुरा के आकहा गांव में शादी की रस्में पूरी होने के बाद उनसे 1.25 लाख रुपये लिए गए.
शिकायत में बताया गया कि लौटते समय दुल्हन को उनके साथ जाने नहीं दिया गया. इसका विरोध करने पर राकेश कुमार के साथ मारपीट की गई, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गए. आरोप यह भी है कि दूल्हे और उनके भाई को बंधक बनाकर 70 हजार रुपये दोबारा ट्रांसफर कराए गए. इसके बाद उन्हें तिलाठी चौक के पास छोड़ दिया गया.
इस मामले में भी आलमनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई गई थी.
चार महीने में तीन मामले, शादी के नाम पर रुपये वसूलने के आरोप
मधेपुरा में सामने आए इन तीन मामलों में दूसरे राज्यों के युवकों को शादी कराने का भरोसा देकर बुलाने और उनसे रुपये या कीमती सामान लेने के आरोप लगे हैं. कहीं शादी तय कराने के नाम पर मोटी रकम मांगी गई, तो कहीं शादी के बाद नकदी और जेवर ले जाने की शिकायत की गई. कुछ मामलों में मारपीट और जबरन रुपये लेने के आरोप भी लगाए गए हैं.
ताजा मामले में दो महिलाओं की गिरफ्तारी के बाद पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है. वहीं, जुलाई और अगस्त में दर्ज मामलों में लगाए गए आरोपों की जांच के आधार पर ही संबंधित लोगों की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी.