MADHEPURA: मधेपुरा के सदर प्रखंड स्थित मिठाई पुलिस शिविर क्षेत्र अंतर्गत बेरवा गांव में बुधवार की सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक बांसबाड़ी से 15 वर्षीय छात्र का शव बरामद हुआ। इस घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मचा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मौके पर पहुंची पुलिस पूरे मामले की तफ्तीश में जुटी है। 



मृतक की पहचान बेरवा गांव निवासी जयकांत यादव के 15 वर्षीय पुत्र रूपेश कुमार के रूप में हुई है, जो आठवीं कक्षा का छात्र था। मंगलवार की शाम से ही वह लापता था। छात्र का शव मिलने की सूचना के बाद परिजनों के बीच कोहराम मच गया। वहीं इस घटना से पूरे गांव में शोक और मातम का माहौल है।


15 वर्षीय रूपेश 13 अक्टूबर से लापता था, परिजनों ने उसे हर जगह खोजा लेकिन कोई अता-पता नहीं चल सका। 14 अक्टूबर को जब महिलाएं बांसबाड़ी की ओर गई तब वहां उसकी लाश पर सबकी नजर गई। फिर क्या था यह खबर जंगल में लगी आग की तरह फैल गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने पूरे मामले की छानबीन शुरू की।


शौच के लिए गईं महिलाओं ने देखा शव

परिजनों ने बताया कि,रूपेश मंगलवार की शाम अचानक गायब हो गया था। देर रात तक संभावित ठिकानों पर काफी खोजबीन की गई, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। बुधवार सुबह जब गांव की कुछ महिलाएं शौच के लिए बांसबाड़ी की ओर गईं, तो उन्होंने रूपेश का शव देखा। महिलाओं की सूचना पर पहुंचे चचेरे भाई ने परिजनों और ग्रामीणों को इसकी जानकारी दी, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचित किया।


कान से निकल रहा था खून, गले पर मिले कई निशान

घटना की सूचना मिलते ही मिठाई पुलिस शिविर प्रभारी शिवानी कुमारी, सदर थाना अध्यक्ष विमलेंदु कुमार और एसडीपीओ अजय कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की बारीकी से वैज्ञानिक जांच के लिए फोरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। पुलिस हत्या के पीछे के संभावित कारणों और इसमें शामिल अपराधियों की पहचान में जुटी है। 


वही घटना के संबंध में मधेपुरा के एसडीपीओ अजय कुमार ने बताया कि "प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। बालक के कान से खून निकल रहा था और गले पर कई गंभीर निशान पाए गए हैं। मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम और एफएसएल जांच रिपोर्ट आने के बाद ही होगा। पुलिस सभी बिंदुओं पर गहनता से छानबीन कर रही है और जल्द ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।"

जयकांत यादव- मृतक के पिता

 अजय कुमार-एसडीपीओ- मधेपुरा 

सुंदर देवी- मृत बच्चे की मां