Bihar Crime News: बिहार में शराब तस्करी पर लगाम लगाने के लिए सख्ती बढ़ा दी गई है। गोपालगंज में आगामी पर्व-त्योहारों को देखते हुए डीएम समीर सौरभ के निर्देश पर पूरे जिले में सघन वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है।
उत्पाद पुलिस की टीम द्वारा बलथरी चेकपोस्ट पर विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है। यहां आने-जाने वाले ट्रक, बस और अन्य वाहनों की बारीकी से तलाशी ली जा रही है। वाहनों में रखे सामान की जांच स्क्रीनिंग मशीन के माध्यम से की जा रही है। वहीं, डॉग स्क्वॉड की टीम भी जांच अभियान में जुटी हुई है। बाहर से आने वाले लोगों और संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जा रही है।
उत्पाद विभाग की टीम आधुनिक तकनीक के साथ मैनुअल तरीके से भी वाहनों की जांच कर रही है। स्क्रीनिंग मशीन के जरिए बसों की डिक्की और ट्रकों में रखे सामान की जांच की जा रही है। इसके अलावा संदिग्ध पाए जाने वाले वाहनों की गहन तलाशी ली जा रही है।
उत्पाद अधीक्षक अमृतेश कुमार झा ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर जिले के बलथरी सहित सभी प्रमुख चेकपोस्टों पर जांच अभियान तेज कर दिया गया है। पर्व-त्योहार को देखते हुए विशेष रूप से पांच टीमों का गठन किया गया है। इनमें तीन टीमें सदर उत्पाद थाना क्षेत्र और दो टीमें मोहम्मदपुर उत्पाद थाना क्षेत्र में तैनात की गई हैं। उन्होंने बताया कि शराब तस्करी से जुड़ी किसी भी सूचना पर तत्काल कार्रवाई की जा रही है और इस अभियान में विभाग को लगातार सफलता भी मिल रही है। जांच अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
रिपोर्ट- नमो नारायण मिश्रा, गोपालगंज