Bihar Vigilance Action: बिहार के लखीसराय जिले के चानन प्रखंड में निगरानी विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी (BPRO) ब्रजेश कुमार को 28 हजार रुपये कथित रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। निगरानी विभाग की टीम ने मंगलवार को उन्हें चानन प्रखंड कार्यालय से पकड़ा।
जानकारी के अनुसार, ब्रजेश कुमार चानन प्रखंड में बीपीआरओ के अतिरिक्त प्रभार में कार्यरत थे। उनका मूल पदस्थापन हलसी प्रखंड में बताया जा रहा है। आरोप है कि 15वें वित्त आयोग की सोलर लाइट योजना के तहत किए गए कार्यों के भुगतान के एवज में कमीशन की मांग की जा रही थी। इसी शिकायत के आधार पर निगरानी विभाग ने कार्रवाई की।
बताया जा रहा है कि कार्रवाई के दौरान निगरानी टीम ने ब्रजेश कुमार को 28 हजार रुपये के साथ उनके कार्यालय से गिरफ्तार किया और पूछताछ के लिए अपने साथ ले गई। कार्रवाई की खबर फैलते ही प्रखंड कार्यालय में हड़कंप मच गया।
बीपीआरओ ब्रजेश कुमार का महेशलेटा पंचायत के मुखिया से विवाद चलने की भी चर्चा है। बताया जाता है कि इस विवाद से संबंधित शिकायत उप विकास आयुक्त (DDC) तक भी पहुंची थी। वहीं, निगरानी विभाग की कार्रवाई के पीछे महेशलेटा पंचायत के मुखिया पति राम नारायण साव उर्फ पप्पू साव के आवेदन को भी एक वजह बताया जा रहा है। हालांकि, कार्रवाई के वास्तविक कारण और शिकायत में लगाए गए आरोपों की आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
निगरानी विभाग की टीम बीपीआरओ ब्रजेश कुमार को अपने साथ ले गई है। मामले में उनसे पूछताछ और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। निगरानी विभाग की ओर से कार्रवाई को लेकर विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने आने के बाद ही पूरे मामले की स्थिति और स्पष्ट होने की उम्मीद है।