PATNA: राजधानी पटना के जक्कनपुर थाना क्षेत्र में कोलकाता की रहने वाली डांसर रोजी खातून की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई। रोजी छह दिन पहले 12 अगस्त को पटना आई थी और इंदिरा नगर रोड नंबर-3 स्थित एक किराए के फ्लैट में अपने परिचित आर्यन के साथ ठहरी हुई थी। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पीएमसीएच भेज दिया। पुलिस घटना की तमाम बिन्दुओं की जांच कर रही है।


बताया जाता है कि रोजी पहले पटना में डांसर के रूप में काम करती थी। हाल के दिनों में वह इवेंट से जुड़े काम भी करने लगी थी। रोजी और आर्यन के परिवार के बीच पहले से परिचय था। इसी वजह से पटना आने के बाद वह आर्यन के किराए के फ्लैट में ठहरी थी। पुलिस को फ्लैट में पार्टी होने की जानकारी भी मिली है, जिसकी जांच की जा रही है।


17 अगस्त की रात फ्लैट में मिली बेसुध

आर्यन ने बताया कि 14 अगस्त को वो अपनी पत्नी के साथ देवघर गया हुआ था। इसके बाद फ्लैट में रोजी और उसका भांजा रह रहे थे। आर्यन मीठापुर पुराने बस स्टैंड के गेट नंबर-2 के पास चाउमिन की दुकान चलाता है। इसके अलावा विग्रहपुर के पास उसकी बिरयानी की दुकान भी है। उसका भांजा भी दुकान के काम में सहयोग करता है। 17 अगस्त की रात दुकान बंद करने के बाद जब आर्यन का भांजा फ्लैट पहुंचा तब उसने रोजी को बेड पर बैठा देखा।


जिसके बाद वह हाथ-पैर धोने चला गया। कुछ देर बाद खाना खाने के लिए उसने रोजी को आवाज दी, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। पास जाकर देखने और छूने पर भी रोजी के शरीर में कोई प्रतिक्रिया नहीं हुई। इसके बाद उसने आर्यन को फोन कर घटना की जानकारी दी। आर्यन के कहने पर डायल-112 पर उसने फोन कर पुलिस को इस घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची जक्कनपुर थाने की पुलिस ने छानबीन शुरू की। पुलिस ने रोजी को मृत पाया। घटना की जानकारी मिलने के बाद आर्यन भी पटना पहुंच गया। मृतका के परिजन कोलकाता से पटना के लिए रवाना हो गये हैं। बुधवार को वो पटना पहुंचेंगे। 


अत्यधिक नशे से मौत की आशंका

जक्कनपुर थानाध्यक्ष ऋतुराज ने बताया कि प्रथम दृष्टया युवती की मौत अत्यधिक नशे के कारण होने की आशंका है। उसके नाक से खून निकलने की बात भी सामने आई है। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के अलावा अन्य बिंदुओं पर भी जांच कर रही है। परिजनों की ओर से आवेदन मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।