Bihar Police News: बिहार के किशनगंज में सदर थाना परिसर स्थित पुलिस बैरक में रविवार सुबह 32 वर्षीय कॉन्स्टेबल समीर कुमार ने खुद को गोली मार ली जिससे उसकी मौत हो गई. वह डायल 112 में तैनात थे और मूल रूप से भागलपुर जिले के रहने वाले थे. घटना सुबह करीब 8 बजे से 8:15 बजे के बीच की बताई जा रही है. घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया.
जानकारी के अनुसार, समीर कुमार सदर थाना परिसर स्थित पुलिस बैरक में रहते थे. रविवार सुबह बैरक में ही गोली लगने से उनकी हालत गंभीर हो गई. सूचना मिलते ही सदर थानाध्यक्ष मुकेश कुमार समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी मौके पर पहुंचे और उन्हें तत्काल सदर अस्पताल ले जाया गया. वहां जांच के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
कॉन्स्टेबल की मौत की जानकारी मिलने पर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी सक्रिय हो गए. एसपी संतोष कुमार और एसडीपीओ वन खुसरू सिराज सदर अस्पताल पहुंचे. अधिकारियों ने मामले की जानकारी ली. थाना परिसर में हुई इस घटना के बाद पुलिसकर्मियों के बीच शोक का माहौल है.
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कॉन्स्टेबल समीर कुमार ने कथित तौर पर खुद को गोली मारी थी. हालांकि, उन्होंने किन परिस्थितियों में यह कदम उठाया, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. घटना से पहले उनकी किसी से बातचीत हुई थी या वह किसी तरह के तनाव से गुजर रहे थे, इस बारे में भी फिलहाल कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है.
पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. जांच के दौरान घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जाएगी, जिसके बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा. इस घटना से किशनगंज पुलिस महकमे में शोक की लहर है.