Khan Sir Coaching Attack: पटना स्थित खान ग्लोबल इंस्टीट्यूट पर हुए हमले के मामले में लगातार नए खुलासे सामने आ रहे हैं। मामले की गहन जांच में जुटी पटना पुलिस अब खान सर से भी पूछताछ कर रही है। पूछताछ ऐसे समय में हो रही है जब पुलिस ने उनके दो अंगरक्षकों को फायरिंग के आरोप में हिरासत में लेकर गिरफ्तार किया है।
दरअसल, 2 जून को खान ग्लोबल इंस्टीट्यूट पर हुए हमले के दौरान हुई फायरिंग का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वीडियो में खान सर के दोनों अंगरक्षक फायरिंग करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता से जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस की एक टीम खान ग्लोबल इंस्टीट्यूट पहुंची और दोनों अंगरक्षकों को हिरासत में लेकर कदमकुआं थाने ले गई। वहां पूछताछ के बाद दोनों को गिरफ्तार किए जाने की जानकारी सामने आई है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, फायरिंग में इस्तेमाल की गई गन भी बरामद कर ली गई है। पूछताछ के दौरान दोनों अंगरक्षकों ने फायरिंग करने की बात स्वीकार कर ली है। इसके बाद पुलिस अब पूरे घटनाक्रम को लेकर खान सर से भी सवाल-जवाब कर रही है।
इस मामले में खान सर पहले ही अपने एक महत्वपूर्ण बयान में बदलाव कर चुके हैं। हमले वाले दिन उन्होंने दावा किया था कि उन्होंने अपनी आंखों से करीब 8 से 10 राउंड फायरिंग होते देखी थी और फायरिंग के कारण इलाके में अफरातफरी मच गई थी। हालांकि, अगले दिन यानी 3 जून को उन्होंने कहा कि घटना के समय माहौल बेहद तनावपूर्ण था और उन्हें पूरी स्थिति स्पष्ट नहीं थी। उन्होंने बताया कि अंगरक्षकों ने जो जानकारी दी थी, उसी के आधार पर उन्होंने अपनी बात कही थी।
खान सर ने इस मामले में सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए आरोप लगाया था कि उनके संस्थान के पास स्थित ज्ञान बिंदु जी.एस. एकेडमी ने हमले की साजिश रची है। उनका कहना था कि कम फीस में शिक्षा उपलब्ध कराने के कारण वे अन्य कोचिंग संस्थानों के निशाने पर हैं। उन्होंने यह भी दावा किया था कि उन्हें पहले से धमकियां मिल रही थीं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है और खान सर से पूछताछ के बाद आगे की कार्रवाई की जा सकती है।
रिपोर्ट- रजनीश रमण, पटना