KAIMUR: इन दिनों ठग गिरोह बिहार में सक्रिय हो गये है और ठगी के लिए तरह-तरह के हथकंडे अपना रहे हैं। ताजा मामला कैमूर के मोहनियां से निकल कर सामने आई है जहां उच्चकों ने चांदनी चौक के पास ई-रिक्शा से जा रहे मां-बेटे को निशाना बनाते हुए एक लाख 10 हजार रूपये की ठगी कर ली। घर में बिटिया की शादी है, इसलिए मां-बेटे बैंक से पैसे निकालकर घर लौट रहे थे।
कैमूर के मोहनियां स्थित चांदनी चौक पर उच्चकों ने पैसे गिरे होने की बात कह एक व्यक्ति को झांसे में लेते हुए ई-रिक्शा से नकदी भरा बैग उड़ा लिया। पीड़ित पिता ने अपनी बेटी की शादी के लिए ये पैसे बैंक से निकालकर घर लौट रहे थे। तभी इस तरह से ठगी की गयी।
एक तरफ घर में बेटी की शादी की तैयारियां जोरों पर थीं, तो दूसरी तरफ नियति ने एक झटके में खुशियों को गम में बदल दिया। मोहनिया थाना क्षेत्र के मामादेव निवासी उमेश कुमार के साथ ठगी की एक बड़ी वारदात हुई। उच्चकों ने बड़ी ही चालाकी से उनकी मेहनत की कमाई के 1 लाख 10 हजार रुपये पार कर दिए।
ऐसे हुई वारदात
पीड़ित उमेश कुमार ने बताया कि उन्होंने बेटी की शादी के खर्चों के लिए भारतीय स्टेट बैंक (SBI) से पैसे निकाले थे। वे अपनी मां के साथ ई-रिक्शा से घर लौट रहे थे। जब वे चांदनी चौक के पास हनुमान मंदिर के पीछे पहुंचे, तभी एक बाइक सवार और उसके साथ मौजूद एक युवक (जिसने काली टी-शर्ट पहनी थी) ने शोर मचाया कि *"माताजी, आपके पैसे नीचे गिर गए हैं।"*
झांसे में आ गये मां-बेटे
जैसे ही उमेश की मां ई-रिक्शा से नीचे उतरकर सड़क पर गिरे चंद सिक्कों और नोटों को उठाने लगीं, मौके का फायदा उठाकर काली टी-शर्ट वाले युवक ने ई-रिक्शा में रखा पैसों वाला बैग उठा लिया। इससे पहले कि पीड़ित कुछ समझ पाते, आरोपी अपने बाइक सवार साथी के साथ रफूचक्कर हो गया।
पुलिस की कार्रवाई
घटना के बाद पीड़ित परिवार बदहवास हालत में मोहनिया थाना पहुंचा और लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। पीड़ित उमेश कुमार ने बताया कि बेटी की शादी है। तिलक 29 अप्रैल को है और 5 मई को बारात आनी है। बेटी की शादी के लिए बैंक से पैसे निकालकर ला रहे थे, जिसे ठगों ने हासिल कर लिया। अब हम पूरी तरह बर्बाद हो गए हैं। अब मेरी बिटिया की शादी कैसे होगी?
वही इस घटना पर थानाध्यक्ष का कहना है कि ठगों की गिरफ्तारी के लिये छापेमारी की जा रही है। उन्होंने दावा किया है कि जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस घटना ने एक बार फिर शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। यह घटना उन लोगों के लिए एक सीख हैं जो आंख बंदकर लोगों पर भरोसा कर लेते हैं। कोई भी व्यक्ति अचानक आकर आपसे इस तरह की बातें करें कि आपका पैसा गिर गया है क्या? तो सावधान हो जाइए। यह गैंग आपका बड़ा नुकसान करने वाला है। इसलिए सावधान रहिये और सतर्क रहिये।