KAIMUR: बिहार के कैमूर जिले से इस वक्त की बड़ी खबर आ रही है, जो अपराधियों के तांडव से जुड़ी हुई है। भभुआ में एक युवक की अपराधियों ने चाकू से गोदकर हत्या कर दी। इस घटना से इलाके में सनसनी फैली हुई है। घटना से गुस्साएं लोगों ने मुख्य सड़क को जाम कर दिया और जमकर हंगामा मचाया। बताया जाता है कि जानकी मार्केट में जूते खरीदने आए युवक की अपहरण के बाद हत्या कर दी गयी। परिजन अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।
कैमूर जिले के भभुआ शहर में उस समय सनसनी फैल गई, जब एक युवक की चाकू से गोदकर निर्मम हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान वार्ड नंबर 25 निवासी स्व. अनिल पासवान के पुत्र धनजी पासवान के रूप में हुई है। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस घटना की सभी बिन्दुओं की जांच कर रही है। इस घटना से परिजनों के बीच कोहराम मचा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों के आंखों के आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। परिजन और आक्रोशित लोग मुख्य सड़क को जाम कर अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।
घटना के संबंध में परिजनों ने बताया कि धनजी पासवान जानकी मार्केट में जूते खरीदने आया वार्ड नंबर 18 में सब्जी मंडी में आया हुआ था। इसी दौरान लगभग 50 से 60 अज्ञात अपराधियों ने उसे दुकान से जबरन खींच लिया और पास की एक गली में ले गए। वहाँ अपराधियों ने उस पर ताबड़तोड़ चाकू से हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि युवक के शरीर पर सात से आठ जगह चाकू से हमले के निशान पाए गए हैं।
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से गंभीर रूप से घायल युवक को इलाज के लिए तुरंत सदर अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों और स्थानीय निवासियों में भारी आक्रोश फैल गया। परिजनों और स्थानीय लोगों ने इंसाफ की मांग को लेकर शव के साथ एकता चौक पर मुख्य मार्ग को पूरी तरह जाम कर दिया।
परिजनों का कहना है कि पुलिस और जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी (एसपी और डीएम) मौके पर पहुँचें और निष्पक्ष जांच का आश्वासन दें। प्रदर्शनकारियों ने मांग की है कि दुकान और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर अपराधियों की पहचान की जाए और उन्हें तुरंत गिरफ्तार कर कड़ी से कड़ी सजा दी जाए। सड़क जाम की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुँची और आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराने के प्रयास में जुट गई है। फिलहाल पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और सीसीटीवी फुटेज खंगालने में लगी है।