RAJASTHAN: रेडीमेड कपड़ों की दुकान के चेंजिंग रूम में छेद (सुराख) में सटाकर आईफोन से कपड़ा बदल रही महिला ग्राहकों का वीडियो बनाया जा रहा था। यह सनसनीखेज मामला राजस्थान के झुंझुनूं जिले के चिड़ावा कस्बे में सामने आया, जिसके बाद लोगों को गुस्सा फूट पड़ा।


 मौके पर पहुंची पुलिस ने सेल्समैन शाहरुख को हिरासत में लिया और उसके आईफोन को जब्त कर लिया। पुलिस ने जब आरोपी सेल्समैन के आईफोन को खंगाला तो उसमें कई महिलाओं के कपड़े बदलने की तस्वीरें मिली है। इस घटना ने महिलाओं की निजता और सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।  


मिली जानकारी के अनुसार, चिड़ावा के मैन मार्केट रोड स्थित एक रेडीमेड कपड़ों की दुकान पर शनिवार शाम करीब पांच बजे एक महिला अपने पति और बच्चों के साथ खरीदारी करने पहुंची थी। कपड़े पसंद करने के बाद महिला ट्रायल के लिए दुकान के चेंजिंग रूम में गई। आरोप है कि दुकान में सेल्समैन के रूप में कार्यरत शाहरुख मणियार ने चेंजिंग रूम की छत में बने एक सुराख से महिला का वीडियो रिकॉर्ड कर लिया। महिला को जब इस बात का संदेह हुआ तो उसने तुरंत अपने पति को इसकी जानकारी दी।


महिला के पति ने मौके पर पहुंचकर जांच की तो आरोपी अपने iPhone में रिकॉर्ड किया गया वीडियो देखता हुआ मिला। इसके बाद उन्होंने उसका मोबाइल छीन लिया और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार आरोपी के मोबाइल फोन से कई महिलाओं के आपत्तिजनक फोटो और वीडियो बरामद हुए हैं। प्रारंभिक जांच में 10 फोटो और 3 वीडियो मिलने की बात सामने आई है। पुलिस का कहना है कि ये सभी सामग्री पिछले तीन दिनों के दौरान रिकॉर्ड की गई प्रतीत होती है।


मामले में यह आरोप भी लगाया गया है कि दुकान मालिक और कुछ अन्य कर्मचारियों ने घटना को दबाने का प्रयास किया। पीड़ित परिवार का आरोप है कि करीब आधे घंटे तक समझौते का दबाव बनाया गया और पैसे का लालच देकर मामला शांत कराने की कोशिश की गई। साथ ही बदनामी का डर दिखाकर शिकायत वापस लेने के लिए भी कहा गया। घटना की जानकारी फैलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग दुकान के बाहर जमा हो गए और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करने लगे। गुस्साए लोगों ने कुछ समय के लिए मैन मार्केट रोड पर धरना भी दिया, जिससे इलाके में तनाव की स्थिति बन गई।


हालात को देखते हुए पुलिस ने अतिरिक्त बल तैनात किया। पिलानी, सुलताना, सूरजगढ़ और मंड्रेला थानों से पुलिसकर्मियों को मौके पर बुलाया गया। बाद में अधिकारियों ने लोगों को समझाकर स्थिति को शांत कराया और धरना समाप्त कराया। पुलिस ने आरोपी का मोबाइल फोन जब्त कर लिया है और उसकी तकनीकी व फॉरेंसिक जांच कराई जा रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने का प्रयास कर रही हैं कि कहीं ये वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड तो नहीं किए गए या किसी अन्य व्यक्ति के साथ साझा तो नहीं किए गए हैं।


पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी पहले भी इस तरह की घटनाओं में शामिल रहा है या नहीं। फिलहाल आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए दुकान को सील कर दिया गया है और जांच तेजी से आगे बढ़ाई जा रही है। इस घटना ने महिलाओं की निजता और सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय सामाजिक संगठनों ने मामले की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।