Bihar Crime News: बिहार के जहानाबाद जिले में वार्ड सदस्य के पति की हत्या से सनसनी फैल गई। मखदुमपुर थाना क्षेत्र के कचनामा गांव में 32 वर्षीय कमलेश कुमार की चाकू और लोहे की रॉड से हमला कर बेरहमी से हत्या कर दी गई। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। हत्या के कारणों को लेकर प्रेम प्रसंग और बालू कारोबार समेत कई तरह की चर्चाएं सामने आ रही हैं।



मृतक की पत्नी और वार्ड सदस्य कंचन कुमारी ने बताया कि कमलेश कुमार घर के निचले कमरे में सो रहे थे, जबकि वह अपने बच्चों के साथ छत पर बने कमरे में सो रही थीं। सुबह उनका बच्चा अपने पिता को जगाने के लिए नीचे गया। वहां कमलेश कुमार बेड पर खून से लथपथ मृत पड़े मिले। 



बच्चे ने घटना की जानकारी परिजनों को दी, जिसके बाद ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई और पुलिस को सूचना दी गई। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने आरोपियों की गिरफ्तारी और वरीय पुलिस अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग को लेकर कचनामा पुल के पास सागरपुर-मखदुमपुर सड़क को करीब पांच घंटे तक जाम रखा।



इसके बाद ग्रामीण पैदल मखदुमपुर पहुंचे और प्लेया के पास एनएच-22 को भी लगभग एक घंटे तक जाम कर दिया। सूचना मिलने पर एसडीपीओ-2 कीर्ति कमल समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर जाम हटवाया। हालांकि, ग्रामीण एसपी को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े रहे।



इसी दौरान मृतक की कथित प्रेमिका ने अपने पति पर कमलेश कुमार की हत्या का आरोप लगाया। इस आरोप के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने कथित प्रेमिका के साथ मारपीट कर दी। पुलिस ने तत्काल स्थिति को नियंत्रित किया और उसे भीड़ से बचाया। पुलिस ने कमलेश कुमार के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी और मामले की जांच में जुट गई।



एसडीपीओ ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा हुआ प्रतीत हो रहा है। हालांकि, हत्या के पीछे की वास्तविक वजह और इसमें शामिल लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी और आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी।