Bihar News: जब पूरी सिस्टम ही करप्शन में लिप्त हो,तब आम लोगों को न्याय कहां से मिलेगा? आज की तारीख में बिहार की यही स्थिति है. अंचल अधिकारी ने कथित तौर पर गैरमजरूआ जमीन की जमाबंदी कायम कर दिया. आरोप है कि सीओ ने इसके एवज में पति के अकाउंट में मोटी रकम ली. मामला खुला तो इसकी शिकायत जिलाधिकारी से की गई. डीएम ने आरोपी महिला अंचल अधिकारी, पति व अन्य के खिलाफ केस दर्ज करने का आदेश दिया. इसके बाद पुलिस ने खेल कर दिया. थानेदार ने केस तो दर्ज कर लिया, लेकिन महिला अंचल अधिकारी को मुख्य आरोपी बनाने की बजाय पति को बना दिया. सोचिए...अगर गड़बड़ी हुई तो अंचल अधिकारी ने किया, पैसे अंचल अधिकारी के कहने पर ही भेजे गए होंगे, फिर महिला सीओ की बजाय उनके पति को मुख्य आरोपी क्यों बनाया गया ? 


जाने पूरा मामला.... 

जहानाबाद से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने राजस्व विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। रतनी फरीदपुर अंचल की महिला अंचल अधिकारी (सीओ) नुजहत अंचल पर रिश्वत लेने और जमीन के दाखिल-खारिज में कथित अनियमितता करने का गंभीर आरोप लगा है. शिकायतकर्ता राजकुमार का दावा है कि रिश्वत की रकम सीधे  अंचल अधिकारी नुजहत के रायसूल इस्लाम के बैंक खाते में ऑनलाइन ट्रांसफर की गई है. इस मामले में शकुराबाद थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई है। पुलिस ने 19 नवंबर 2026 को कांड संख्या 304/26 के तहत मामला दर्ज किया है. एफआईआर में पुलिस ने सीओ के पति रायसूल इस्लाम को एक नंबर का अभियुक्त बनाया है. जबकि आरोपी अंचल अधिकारी, जिनपर सभी आरोप हैं, उन्हें नंबर दो पर संदिग्ध अभियुक्त बनाया है. इस मामले में पुलिस ने सीओ पति-पत्नी समेत सात लोगों को अभियुक्त बनाया है. 


जहानाबाद एसपी और मगध के आईजी से करेंगे शिकायत 

शिकायतकर्ता राजकुमार को जब पता चला कि, थानाध्यक्ष ने केस दर्ज करने में खेल किया है, अंचल अधिकारी को नंबर -1 अभियुक्त बनाने की जगह नंबर-2 में संदिग्ध अभियुक्त बना दिया है. इस पर उनके कान खड़े हो गए हैं. इसके शिकायतकर्ता ने थानाध्यक्ष के खिलाफ जहानाबाद के पुलिस अधीक्षक के साथ-साथ मगध के आईजी विकास वैभव से शिकायत करने की बात कही है. 



शकुराबाद थाने में दर्ज एफआईआर के मुताबिक, जहानाबाद के रतनी फरीदपुर अंचल में पदस्थापित महिला अंचल अधिकारी नुजहत अंचल पर आरोप है कि उन्होंने अपने पति रईशुल इस्लाम के एसबीआई बैंक खाते में रिश्वत की रकम मंगवाई। शिकायतकर्ता राज कुमार का दावा है कि 24 अगस्त 2025 से 8 सितंबर 2025 के बीच अलग-अलग तारीखों पर यूपीआई के माध्यम से पैसे ट्रांसफर किए गए। शिकायत में जिन लेनदेन का उल्लेख किया गया है, उनके मुताबिक 24 अगस्त को 25 हजार रुपये, 26 अगस्त को 6500 रुपये, 31 अगस्त को 5000 रुपये, 3 सितंबर को 15 हजार रुपये, 7 सितंबर को 10 हजार रुपये और 8 सितंबर को 10 हजार रुपये भेजे गए। इस तरह अधिकारी के पति के खाते में कुल 71,500 रुपये ट्रांसफर किए जाने का दावा किया गया है। इतना ही नहीं, शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि इसके बाद अधिकारी के निजी वाहन चालक के माध्यम से उनके पति के खाते में दो किस्तों में 48 हजार और 5 हजार रुपये भी भेजे गए। इस तरह कुल कथित लेनदेन की रकम 1 लाख 24 हजार 500 रुपये बताई गई है।

1.24 लाख रुपये का ऑनलाइन ट्रांजेक्शन, फिर जमीन का डिमांड कायम करने का आरोप

इस पूरे मामले में सबसे बड़ा सवाल बैंक खाते में हुए ऑनलाइन लेनदेन को लेकर उठ रहा है। प्राथमिकी में राजकुमार ने दावा किया है कि दो युवकों के मोबाइल नंबर से अलग-अलग तारीखों में अंचलाधिकारी के पति के खाते में कुल 1,24,500 रुपये भेजे गए।शिकायतकर्ता का आरोप है कि पैसे ट्रांसफर होने के बाद गैरमजरूआ मालिक जमीन से संबंधित डिमांड कायम करने की कार्रवाई की गई। आवेदन में इस लेनदेन को कथित रिश्वत से जोड़ते हुए पूरे मामले की जांच कराने की मांग की गई है।

मेडिकल लीव में थीं CO, फिर किसने इस्तेमाल किया डोंगल?

इस मामले का सबसे दिलचस्प और गंभीर पहलू अंचलाधिकारी के मेडिकल लीव पर रहने के दौरान जमीन का ऑनलाइन डिमांड कायम किए जाने का है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि सीओ के मेडिकल लीव पर रहने के बावजूद उनके डोंगल का इस्तेमाल किया गया और 'परिमार्जन प्लस' पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन डिमांड कायम कर दिया गया।आवेदन में इसे राजस्व विभाग के नियमों का उल्लंघन बताया गया है। अब जांच का एक अहम बिंदु यह भी होगा कि मेडिकल लीव की अवधि में डोंगल का इस्तेमाल किसने किया और ऑनलाइन प्रक्रिया किसके माध्यम से पूरी की गई।

दो अलग-अलग वादों में जमीन का डिमांड कायम करने पर सवाल

शिकायतकर्ता ने नोआवां मौजा (थाना संख्या 66) की जमीन से जुड़े दो मामलों का विशेष रूप से उल्लेख किया है। आवेदन के अनुसार, दाखिल-खारिज वाद संख्या 411/25-26 के तहत सत्येंद्र शर्मा (पिता कृष्णदेव शर्मा) के नाम भाग-26, पृष्ठ-97 पर डिमांड कायम किया गया। वहीं, वाद संख्या 412/25-26 के तहत उपेंद्र शर्मा (पिता कृष्णदेव शर्मा) के नाम भाग-26, पृष्ठ-98 पर डिमांड कायम करने का आरोप है। राजकुमार का दावा है कि इन दोनों मामलों में आवेदन के साथ कोई वैध दस्तावेज संलग्न नहीं था। इसके बावजूद ऑनलाइन डिमांड कायम कर दिया गया। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि गैरमजरूआ मालिक जमीन से जुड़े रिकॉर्ड में नियमों की अनदेखी की गई।

गोतिया को नाबालिग दिखाकर जमीन हड़पने का भी आरोप

मामले में सिर्फ रिश्वत और ऑनलाइन डिमांड तक ही आरोप सीमित नहीं हैं। प्राथमिकी में अपने ही गोतिया को नाबालिग दिखाकर उसके हिस्से की जमीन हड़पने और गलत तरीके से जमाबंदी कायम करने का भी आरोप लगाया गया है।शिकायतकर्ता ने इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर कथित अनियमितताओं में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।

केस दर्ज होने के बाद शकुराबाद थानाध्यक्ष आशुतोष कुमार ने बताया था कि अंचलाधिकारी और उनके पति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। जांच के दौरान यदि अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आती है या आरोप सही पाए जाते हैं तो उनके खिलाफ भी आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस के सामने ऑनलाइन ट्रांजेक्शन, डोंगल के इस्तेमाल, परिमार्जन प्लस पोर्टल पर दर्ज रिकॉर्ड और जमीन के दाखिल-खारिज से जुड़े दस्तावेजों की जांच करना अहम होगा। अब देखना होगा कि जांच में 1.24 लाख रुपये के लेनदेन और जमीन के डिमांड कायम करने के बीच क्या संबंध सामने आता है।