Bihar Crime News: जमुई जिले के लक्ष्मीपुर प्रखंड अंतर्गत मोहनपुर थाना क्षेत्र के काला गांव स्थित कुम्हार पंडित टोला में दामाद की हत्या कर शव को घर के बाहर दफनाने के मामले में लगातार चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हत्या के बाद शव को जल्द नष्ट करने की नीयत से चेहरे को बुरी तरह क्षतिग्रस्त किया गया था। इतना ही नहीं, शव को दफनाने के बाद उसके ऊपर भारी मात्रा में नमक भी डाला गया था, ताकि शव जल्द गल जाए और पहचान मिटाई जा सके।
बताया जा रहा है कि मृतक जितेंद्र पंडित की पहले बेरहमी से पिटाई की गई। ग्रामीणों के अनुसार, मारपीट के लिए भारी वस्तुओं का इस्तेमाल किया गया था। हमले में उसके चेहरे को इस कदर क्षतिग्रस्त कर दिया गया कि पहचान करना भी मुश्किल हो रहा था। इसके बाद शव को घर के बाहर गड्ढा खोदकर दफना दिया गया और ऊपर से नमक डाल दिया गया।
घटना की सूचना मिलने के बाद मोहनपुर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। बाद में जमुई सदर एसडीपीओ सतीश सुमन, एफएसएल टीम तथा प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में शव को जमीन से बाहर निकाला गया। जांच के दौरान घटनास्थल से कई अहम साक्ष्य भी जुटाए गए हैं।
पुलिस ने मृतक की पत्नी सजनी देवी, सास पागो देवी, बड़ी साली संगीता देवी तथा साला की पत्नी सुनीता देवी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं मुख्य आरोपी बताए जा रहे साला गौतम की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है।
पूरे मामले को लेकर इलाके में सनसनी फैली हुई है। ग्रामीण भी इस घटना की क्रूरता को लेकर हैरान हैं। जिस तरह से हत्या के बाद सबूत मिटाने की कोशिश की गई, उससे साफ है कि अपराध को छिपाने की पूरी साजिश रची गई थी। पुलिस अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई में जुटी है।