Bihar Crime News: बेतिया में हाल ही में हुई आभूषण लूटकांड की घटना के बाद जमुई पुलिस प्रशासन सतर्क हो गया है। जिले में ऐसी किसी भी वारदात की पुनरावृत्ति रोकने और स्वर्ण व्यवसायियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस ने विशेष जांच अभियान शुरू किया है। पुलिस अधीक्षक विश्वजीत दयाल के सख्त निर्देश पर शनिवार को मलयपुर और बरहट थाना पुलिस ने अपने-अपने क्षेत्रों के सोने-चांदी की दुकानों में पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। अचानक हुई इस जांच से बाजार के दुकानदारों में सतर्कता बढ़ गई।
अभियान के दौरान पुलिस पदाधिकारियों ने मलयपुर, पाड़ों, बरहट और गुगुलडीह बाजार स्थित आभूषण दुकानों का निरीक्षण किया। इस दौरान दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों, अलार्म सिस्टम और अन्य सुरक्षा उपकरणों की बारीकी से जांच की गई। पुलिस ने केवल दुकानों के अंदर की सुरक्षा व्यवस्था तक ही खुद को सीमित नहीं रखा, बल्कि दुकान के बाहर और मुख्य सड़क की ओर लगाए गए सीसीटीवी कैमरों की भी पड़ताल की। अधिकारियों ने कैमरों की कार्यशीलता, रिकॉर्डिंग की गुणवत्ता और उनके एंगल की जांच कर यह सुनिश्चित करने का प्रयास किया कि किसी संदिग्ध गतिविधि की स्थिति में उसकी स्पष्ट तस्वीर और फुटेज उपलब्ध हो सके।
मलयपुर थानाध्यक्ष शेखर सुमन और बरहट थानाध्यक्ष कुमार संजीव ने बताया कि एसपी के निर्देश पर थाना क्षेत्र के सभी सोने-चांदी की दुकानों की सुरक्षा व्यवस्था की जांच की गई है। उन्होंने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए पुलिस पदाधिकारियों द्वारा नियमित गश्ती के दौरान बैंकों और आभूषण दुकानों की रूटीन चेकिंग भी की जाती है। इसका उद्देश्य अपराधियों की गतिविधियों पर नजर रखना और किसी भी संभावित घटना को समय रहते रोकना है।
पुलिस अधिकारियों ने स्वर्ण व्यवसायियों को दुकान के बाहर सड़क की ओर फोकस करने वाले उच्च गुणवत्ता के सीसीटीवी कैमरे लगाने की सलाह दी। साथ ही कैमरों को हमेशा चालू रखने, उनकी रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखने और अलार्म सिस्टम को दुरुस्त रखने का निर्देश दिया। दुकानदारों से कहा गया कि किसी भी अनजान व्यक्ति की संदिग्ध गतिविधि, रेकी या असामान्य हरकत दिखाई देने पर तत्काल नजदीकी थाने को सूचना दें।
पुलिस की इस पहल से स्वर्ण व्यवसायियों में सुरक्षा को लेकर भरोसा बढ़ा है। वहीं, विशेष जांच अभियान ने असामाजिक तत्वों को भी स्पष्ट संदेश दिया है कि आभूषण कारोबार को निशाना बनाने की किसी भी कोशिश पर पुलिस की पैनी नजर है।