Animal Abuse Case: हैदराबाद से आवारा जानवरों की सुरक्षा से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है। मेडचल-मलकाजगिरी जिले के कोमपल्ली इलाके में एक मादा आवारा कुत्ते के साथ कथित यौन शोषण के आरोप में सिक्योरिटी गार्ड के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, यह मामला कोमपल्ली के सैनिनगर स्थित एक लग्जरी अपार्टमेंट परिसर का है। आरोपी की पहचान 50 वर्षीय संजय तिवारी के रूप में हुई है, जो अपार्टमेंट में सिक्योरिटी गार्ड के तौर पर काम करता था। घटना 8 अक्टूबर की बताई जा रही है।
शिकायत के मुताबिक, अपार्टमेंट परिसर में घूमने वाली एक मादा आवारा कुत्ते को आरोपी कथित तौर पर शॉल में लपेटकर अपने सुरक्षा केबिन में ले गया। वहां उसके साथ यौन शोषण किए जाने का आरोप लगाया गया है। इस मामले में स्ट्रे एनिमल फाउंडेशन ऑफ इंडिया की ओर से शिकायत दर्ज कराई गई। फाउंडेशन ने आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
इस घटना ने रिहायशी परिसरों में रहने वाले आवारा जानवरों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। पशु संरक्षण से जुड़े लोगों का मानना है कि जानवरों के साथ किसी भी तरह की क्रूरता को गंभीरता से लिया जाना चाहिए और ऐसे मामलों में कानून के तहत कार्रवाई होनी चाहिए। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।