Bihar Crime News: वैशाली से बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां हाजीपुर व्यवहार न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पूरे कोर्ट परिसर को खाली कराया जा रहा है और सुरक्षा व्यवस्था को कड़ा कर दिया गया है।


एसपी विक्रम सिहाग के निर्देश पर सदर एसडीपीओ दल-बल के साथ कोर्ट पहुंचे और तत्काल कार्रवाई शुरू की। वहीं, मुजफ्फरपुर से बम निरोधक दस्ता को भी मौके पर बुलाया जा रहा है ताकि परिसर की गहन जांच की जा सके।


सदर एसडीपीओ सुबोध कुमार ने जानकारी दी कि न्यायालय के आधिकारिक ई-मेल पर अज्ञात व्यक्ति द्वारा धमकी भरा संदेश भेजा गया, जिसमें कोर्ट को बम से उड़ाने की बात कही गई थी। इसके बाद एहतियात के तौर पर कोर्ट में प्रवेश पूरी तरह बंद कर दिया गया है।


कोर्ट परिसर से अधिवक्ताओं, कर्मचारियों, आम लोगों और दुकानदारों को बाहर निकाला जा रहा है ताकि बम निरोधक दस्ता सुरक्षित तरीके से तलाशी अभियान चला सके। परिसर के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों की सुरक्षा भी बढ़ा दी गई है।


इसके अलावा, आसपास स्थित सभी सरकारी कार्यालयों में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया है और आम लोगों की आवाजाही पर भी अस्थायी रोक लगा दी गई है। पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है और सघन सर्च ऑपरेशन जारी है।