DESK: उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। शाहाबाद इलाके के पाली थाना क्षेत्र में प्रेम प्रसंग से जुड़ी एक सनसनीखेज घटना ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया। प्रेमी की दूसरी युवती से शादी से नाराज प्रेमिका ने उसे मिलने के बहाने खेत में बुलाया और ब्लेड से उसके प्राइवेट पार्ट पर हमला कर दिया।
गंभीर रूप से घायल युवक को पहले शाहाबाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने हालत नाजुक देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस के अनुसार, गुजरी गांव निवासी 20 वर्षीय युवक का पिछले चार वर्षों से एक महिला के साथ प्रेम संबंध था। वह महिला रिश्ते में युवक की भाभी लगती है। इसी बीच युवक ने 6 मई को दूसरी युवती से शादी कर ली। शादी की जानकारी मिलते ही प्रेमिका गुस्से में आ गई और बदला लेने की योजना बना डाली।
शनिवार दोपहर प्रेमिका भाभी ने युवक देवर को मिलने के लिए खेत में बुलाया। वहां दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। आरोप है कि इसी दौरान महिला ने ब्लेड निकालकर युवक के प्राइवेट पार्ट पर हमला कर दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि आरोपी महिला मौके से फरार हो गई। युवक की चीख-पुकार सुनकर आसपास खेतों में काम कर रहे लोग मौके पर पहुंचे और उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया।
बताया जा रहा है कि आरोपी महिला रिश्ते में युवक की भाभी लगती है। उसकी ससुराल सवायजपुर क्षेत्र में है। दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध था और महिला युवक पर केवल अपना अधिकार मानती थी। प्रेमी की दूसरी शादी से वह बुरी तरह आहत हो गई थी। इसी नाराजगी में उसने शादी के तीसरे दिन इस वारदात को अंजाम दे दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पाली थाना प्रभारी सोमपाल गंगवार ने बताया कि उपनिरीक्षक जयनारायण मिश्र मामले की जांच कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।