VAISHALI: बिहार में अपराधी इतने बेखौफ हो गये हैं कि सरेआम फायरिंग कर रहे हैं। ऐसा लगता है कि इनके अंदर पुलिस का डर ही खत्म हो गया है। यही कारण है कि वैशाली में घर के बाहर खड़ी कार पर अंधाधुंध फायरिंग कर अपराधियों ने दहशत फैला दी है। घटना से इलाके में दहशत का माहौल है। घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस मामले की छानबीन में जुट गयी है। 


घटना सदर थाना क्षेत्र के रायडीह गांव की है। घटना के बारे में सदर एसडीपीओ सुबोध कुमार ने बताया कि देर रात राय डीह गांव में अज्ञात अपराधियों ने एक घर के बाहर खड़ी कार पर दस राउंड से अधिक फायरिंग की है।उन्होंने बताया कि जिस गाड़ी पर फायरिंग की गई है वह नीरज नाम के युवक का है जो शराब का कारोबार करता है।


वहीं एसडीपीओ ने बताया कि घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दस ख़ोखा बरामद किया है और कार के मालिक नीरज ने आशंका जाहिर की है कि गांव के ही एक युवक से पैसे को लेकर विवाद था और उसी कारण फायरिंग की गई है।


लेकिन एसडीपीओ ने बताया कि जांच में यह पता चला है कि नीरज और जिस युवक से उसका विवाद हुआ था वह दोनों शराब के धंधेबाज है और शराब के पैसे को लेकर ही दोनो में विवाद हुआ जिसके बाद इस घटना को अंजाम दिया गया है।फ़िलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।