VAISHALI:बिहार में अपराधियों का तांडव जारी है। अपराधियों को देखकर ऐसा लगता है कि इनके अंदर पुलिस का डर खत्म हो गया है। इस बार अपराधियों ने वैशाली जिले के हाजीपुर में अपनी उपस्थित दर्ज करायी है। जहां केमिकल गैंग ने एक बड़ी लूट की वारदात को अंजाम दिया है। 


केमिकल गैंग के सदस्यों ने चलती कार से धुआं निकलने की बात कही जिसके बाद जैसे ही किन्नर समुदाय से जुड़े लोग कार से नीचे धूंधा देखने के लिए उतरे तभी कार में रखे सोने-चांदी के जेवरात और लाखों रुपये नकद से भरे बैग पर अपराधियों ने हाथ साफ कर दिया। पीड़िता के अनुसार लूटे गए सामान की कुल कीमत एक करोड़ रुपये से अधिक है।


मिली जानकारी के अनुसार, महुआ थाना क्षेत्र की रहने वाली किन्नर समुदाय की सदस्य सपना कुमारी अपने ड्राइवर सौरभ कुमार के साथ कार से हाजीपुर से महुआ जा रही थीं। इसी दौरान हाजीपुर बाजार स्थित रेल कोच रेस्टोरेंट और पेट्रोल पंप के पास एक अज्ञात व्यक्ति ने कार के रेडिएटर के समीप कोई केमिकल फेंक दिया। सपना कुमारी ने बताया कि इसके बाद उन्होंने ड्राइवर से गाड़ी आगे बढ़ाने को कहा। करीब 10 मीटर आगे बढ़ने पर एक अन्य व्यक्ति ने इशारा कर बताया कि कार से धुआं निकल रहा है। यह सुनकर ड्राइवर ने वाहन रोक दिया। गाड़ी रुकते ही अंदर दम घुटने जैसा महसूस होने लगा। इसके बाद सपना और ड्राइवर दोनों नीचे उतरकर बोनट खोलकर जांच करने लगे। इसी बीच बदमाशों ने कार की बीच वाली सीट पर रखा सोने-चांदी के आभूषण और नकदी से भरा बैग चोरी कर लिया और मौके से फरार हो गए।


पीड़िता के मुताबिक बैग में चार सोने की चेन, तीन अंगूठियां, तीन जोड़ी झुमके, एक लॉकेट, एक सोने का बिस्किट, आठ कंगन, करीब 800 ग्राम चांदी की पायल समेत अन्य आभूषण रखे थे। इसके अलावा बैग में 8 लाख 75 हजार रुपये नकद भी मौजूद थे। घटना की जानकारी मिलते ही किन्नर समुदाय के 50 से अधिक सदस्य मौके पर पहुंच गए और हंगामा शुरू कर दिया। स्थिति की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर शांत कराया।इस मामले में सपना कुमारी ने सदर थाने में अज्ञात बदमाशों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस ने कांड संख्या 392/26 दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


हाजीपुर सदर एसडीपीओ सुबोध कुमार ने बताया कि अपराधियों ने वाहन से धुआं निकलने का झांसा देकर लूट की घटना को अंजाम दिया। आवेदन के अनुसार बैग में करीब 700 ग्राम सोने के आभूषण और 8.75 लाख रुपये नकद थे। मामले की जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं और तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।