Bihar Crime News: बिहार के हाजीपुर में अपराधियों का दुस्साहस एक बार फिर सामने आया है। सदर थाना क्षेत्र के मदारपुर गांव में देर रात बदमाशों ने विक्की तिवारी नामक शख्स के घर पर बम से हमला कर दिया। घटना के समय पूरा परिवार घर के अंदर सो रहा था।
बताया जा रहा है कि बदमाशों ने लगातार दो बम फेंके, जिससे जोरदार धमाके हुए और पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। धमाकों की आवाज सुनकर आसपास के लोग भी दहशत में आ गए। घटना के बाद डरे-सहमे परिजनों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी है।
इस घटना के बाद मदारपुर गांव सहित आसपास के इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस हमलावरों की पहचान और घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है। देर रात हुई बमबाजी की घटना से इलाके के लोगों में दहशत का माहौल है।