VAISHALI: वैशाली में नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस का ऑपरेशन नीलकंठ जारी है। हाजीपुर में पुलिस ने 13 किलो 440 ग्राम गांजे के साथ एक कथित तस्कर को गिरफ्तार किया है। 


आरोपी के पास से गांजे के अलावा स्विफ्ट डिजायर कार और दो मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं। बरामद गांजे की कीमत करीब तीन लाख रुपये बताई गई है।एसएसपी शुभांक मिश्रा के निर्देश पर चलाए जा रहे ऑपरेशन नीलकंठ के तहत पुलिस ने यह कार्रवाई की है।


 पुलिस के मुताबिक, नारकोटिक्स सेल और बिहार के राज्य स्वापक नियंत्रण ब्यूरो से गांजा तस्करी की गुप्त सूचना मिली थी।सूचना के आधार पर सदर-1 एसडीपीओ सुबोध कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने दिघी कला वार्ड नंबर 25 के रामभद्र नगर में छापेमारी कर रितिक रोशन को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी के पास से 13 किलो 440 ग्राम गांजा, दो मोबाइल फोन और एक स्विफ्ट डिजायर कार बरामद किया है।


गिरफ्तार आरोपी बिदुपुर थाना क्षेत्र के दाउनरपुर गांव का रहने वाला बताया गया है। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में आरोपी ने गांजे की खरीद-बिक्री और गिरोह के अन्य सदस्यों के संबंध में जानकारी दी है। अब पुलिस कथित नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।पुलिस आरोपी के आपराधिक इतिहास का भी पता लगा रही है।ऑपरेशन नीलकंठ के तहत हुई इस कार्रवाई के बाद अब पुलिस की नजर गांजे की सप्लाई चेन और तस्करी से जुड़े अन्य लोगों पर है।

हाजीपुर से मुन्ना खान की रिपोर्ट