Bihar Crime News: गोपालगंज में पैसा दोगुना करने का झांसा देकर करीब तीन करोड़ रुपये की कथित ठगी का मामला सामने आया है। नगर थाना क्षेत्र के बसडिला गांव निवासी आलू-प्याज कारोबारी अंजार अली उर्फ गुड्डू अली ने पुलिस अधीक्षक विनय तिवारी को आवेदन देकर शहर के पुरानी चौक और हजियापुर इलाके के कुछ युवकों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़ित ने निष्पक्ष जांच, एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई और अपनी रकम वापस दिलाने की मांग की है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।
नगर थाना क्षेत्र के बसडिला गांव निवासी आलू-प्याज कारोबारी अंजार अली उर्फ गुड्डू अली का आरोप है कि पुरानी चौक और हजियापुर इलाके के कुछ युवकों ने उन्हें कम समय में पैसा दोगुना करने का लालच दिया। आरोपियों ने बड़े मुनाफे का भरोसा दिलाकर उनका विश्वास जीता और फिर अलग-अलग किस्तों में उनसे करीब तीन करोड़ रुपये ले लिए।
पीड़ित का कहना है कि काफी समय बीत जाने के बाद जब उन्होंने अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपी लगातार टालमटोल करते रहे। आरोप है कि जब उन्होंने पैसा लौटाने के लिए दबाव बनाया तो आरोपियों ने साफ इनकार कर दिया और जान से मारने की धमकी भी दी। पीड़ित का कहना है कि इस घटना के बाद वह और उनका परिवार दहशत के माहौल में जीने को मजबूर हैं।
अंजार अली के अनुसार, उन्होंने कई बार बातचीत के जरिए मामला सुलझाने की कोशिश की, लेकिन कोई समाधान नहीं निकला। इसके बाद उन्होंने पुलिस अधीक्षक को लिखित आवेदन देकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, आरोपियों के खिलाफ ठगी और धमकी देने की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज करने तथा उनकी मेहनत की कमाई वापस दिलाने की मांग की है।
इस मामले में पुलिस का कहना है कि आवेदन प्राप्त हो गया है। शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। अब सभी की नजर पुलिस की कार्रवाई और जांच रिपोर्ट पर टिकी है।
रिपोर्ट- नमो नारायण मिश्रा, गोपालगंज