Bihar Crime News: गोपालगंज के मीरगंज थाना क्षेत्र में पुलिस ने शराब तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक स्कॉर्पियो से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की है। पुलिस की घेराबंदी के दौरान तस्कर वाहन छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने स्कॉर्पियो को जब्त कर लिया है और फरार तस्करों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है।
मामला मीरगंज थाना क्षेत्र के नरईनिया नो-एंट्री के पास का है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक स्कॉर्पियो से विदेशी शराब की बड़ी खेप लाई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी की और वाहन को रोकने का प्रयास किया। लेकिन चालक तेज रफ्तार में भागने लगा।
काफी दूर तक पीछा करने के बाद पुलिस ने स्कॉर्पियो को रोक लिया। इस दौरान तस्कर मौके का फायदा उठाकर वाहन छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने स्कॉर्पियो की तलाशी ली, जिसमें भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद हुई। बरामद शराब की गिनती और उसकी कीमत का आकलन किया जा रहा है।
पुलिस ने क्षतिग्रस्त स्कॉर्पियो को जब्त कर मीरगंज थाना लाया है। वाहन के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर उसके मालिक और तस्करी नेटवर्क की पहचान की जा रही है। साथ ही आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।
मीरगंज थाना पुलिस ने बताया कि मामले में बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। फरार तस्करों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
रिपोर्ट- नमो नारायण मिश्रा, गोपालगंज