Bihar Crime News: गोपालगंज के थावे थाना क्षेत्र के खानपुर अजमत गांव में 12 वर्षीय मासूम संजना हत्याकांड का पुलिस ने महज 72 घंटे के अंदर खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी सुजीत कुमार को गिरफ्तार किया है। 



पुलिस के मुताबिक, हत्या में इस्तेमाल कुल्हाड़ी के साथ-साथ साक्ष्य छिपाने में इस्तेमाल किए गए सामान भी बरामद किए गए हैं। शुरुआती जांच में हत्या की वजह प्रेम प्रसंग से जुड़ा विवाद सामने आया है। पुलिस अन्य संदिग्धों की भूमिका की भी जांच कर रही है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।



दरअसल, बीते 12 अक्टूबर को थावे थाना क्षेत्र के खानपुर अजमत गांव से 12 वर्षीय संजना के लापता होने की सूचना पुलिस को मिली थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर तत्काल जांच शुरू कर दी। बच्ची की तलाश के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे थे। इसी दौरान करीब 48 घंटे बाद गांव में मुन्ना सिंह के घर के पीछे बच्ची का शव बरामद हुआ। शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी।



घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल, डीआईयू और डॉग स्क्वायड की टीम को मौके पर बुलाया। इसके बाद पुलिस ने मैन्युअल और वैज्ञानिक तरीके से अनुसंधान शुरू किया। घटनास्थल से ब्लड सैंपल समेत अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए गए।



पुलिस के अनुसार, लगातार छापेमारी और तकनीकी जांच के बाद इस हत्याकांड में संदेह के आधार पर सुजीत कुमार, पिता मुन्ना सिंह, को गिरफ्तार किया गया। पुलिस का कहना है कि पूछताछ और आरोपी के कथित स्वीकारोक्ति बयान के आधार पर अब तक की जांच में सामने आया है कि आरोपी और मृतका के बीच कुछ दिनों से प्रेम संबंध था।



जांच के मुताबिक, घटना के दिन दोनों मुन्ना सिंह के पुराने घर में मिले थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद के दौरान सुजीत कुमार ने वहां रखी कुल्हाड़ी से बच्ची के सिर पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को पुराने घर के पीछे फेंक दिया गया।



पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी और शव को छिपाने में इस्तेमाल किए गए बोरे तथा प्लास्टिक समेत अन्य सामान बरामद करने की बात कही है। पुलिस इन बरामद वस्तुओं और घटनास्थल से जुटाए गए वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर मामले की कड़ियां जोड़ रही है।



पुलिस के मुताबिक, हत्याकांड के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसे न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है। हालांकि, मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता से इनकार नहीं किया गया है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और अन्य संदिग्धों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

रिपोर्ट- नमो नारायण मिश्रा, गोपालगंज