GOPALGANJ: गोपालगंज में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने स्थानीय पुलिस के मदद से शहर के साधु चौक इलाके में एक एजेंट के घर छापेमारी की। पश्चिम चंपारण के एक युवक को 2024 में नौकरी के नाम पर कंबोडिया भेजे जाने से जुड़े मामले में करीब 5 घंटे तक पूछताछ की गई।
कंबोडिया से लौटने के बाद युवक ने एनआईए से शिकायत की थी। कार्रवाई के बाद एजेंट को नोटिस देकर 10 जुलाई को पटना स्थित एनआईए कार्यालय में उपस्थित होने का निर्देश दिया। हालांकि, एनआईए की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
जानकारी के अनुसार, एनआईए की टीम स्थानीय पुलिस के साथ शहर के साधु चौक स्थित एक मकान पर पहुंची और कई घंटों तक दस्तावेजों की जांच के साथ पूछताछ की। छापेमारी के दौरान इलाके की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही और आने-जाने वालों पर नजर रखी गई।
मामले में एजेंट प्रदीप सिंह ने बताया कि वर्ष 2024 में उन्होंने एक युवक को कंप्यूटर ऑपरेटर की नौकरी के लिए कंबोडिया भेजा था। वहां पहुंचने के बाद युवक ने जानकारी दी कि उससे कथित तौर पर ऑनलाइन फ्रॉड का काम कराया जा रहा है। इसके बाद उन्होंने युवक की वापसी के लिए पैसे भेजे और उसके द्वारा खर्च की गई राशि भी वापस कर दी।
प्रदीप सिंह का कहना है कि युवक की मदद के लिए उन्होंने बाद में दुबई का वीजा भी मंगवाया था, लेकिन युवक वहां नहीं गया और बाद में उनके खिलाफ शिकायत कर दी। उनका दावा है कि एनआईए को उन्होंने पैसे लौटाने सहित सभी लेन-देन के दस्तावेज उपलब्ध करा दिए हैं। उन्होंने बताया कि एनआईए ने उन्हें 10 जुलाई को पटना कार्यालय में पूछताछ के लिए बुलाया है, जहां वह निर्धारित तिथि पर उपस्थित होंगे। फिलहाल एनआईए ने पूरे मामले पर कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की है। जांच जारी है और आगे की कार्रवाई पूछताछ के बाद तय की जाएगी।