GOPALGANJ: गोपालगंज से एक बेहद दर्दनाक और सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां शादी के महज एक-दो महीने बाद ही एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और गला दबाकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस और FSL टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। फिलहाल पुलिस ने पति को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है और पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है। मामला बैकुंठपुर थाना क्षेत्र के झुर्बाती दक्षिण टोला गांव का है।


कहते हैं कि शादी दो परिवारों को जोड़ने का पवित्र बंधन होता है, लेकिन जब इस रिश्ते में दहेज की मांग शामिल हो जाती है तो कई बार इसका अंजाम बेहद दर्दनाक हो जाता है। ताजा मामला गोपालगंज जिले के बैकुंठपुर थाना क्षेत्र के झुर्बाती दक्षिण टोला गांव से सामने आया है, जहां 22 वर्षीय नवविवाहिता ज्योति देवी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।


मृतका की पहचान गांव निवासी मुन्ना राम की पत्नी ज्योति देवी के रूप में हुई है। परिजनों का आरोप है कि शादी के कुछ ही दिनों बाद से ससुराल पक्ष द्वारा दहेज में गाड़ी की मांग की जा रही थी। मांग पूरी नहीं होने पर ज्योति को लगातार प्रताड़ित किया जाता था। परिजनों का कहना है कि इसी प्रताड़ना के कारण उसकी हत्या कर दी गई।


घटना की जानकारी मिलते ही मृतका के मायके वाले मौके पर पहुंचे तो घर में मातम का माहौल था। परिजनों ने आरोप लगाया कि ज्योति की गला दबाकर हत्या की गई है और ससुराल पक्ष इसे सामान्य मौत बताने की कोशिश कर रहा था। घटना के बाद घर के कई सदस्य फरार हो गए, जिससे परिजनों का शक और भी गहरा गया।


मामले की सूचना मिलते ही बैकुंठपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाने के लिए FSL टीम को भी बुलाया। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मॉडल सदर अस्पताल भेज दिया गया।


इधर पूरे मामले पर सदर एसडीपीओ 2 सिधवलिया राजेश कुमार ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मृतका के मायके पक्ष की ओर से दिए गए आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की जा रही है।


एसडीपीओ ने बताया कि प्रारंभिक कार्रवाई के तहत मृतका के पति को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज जा रहा है। वहीं मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और वैज्ञानिक जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


फिलहाल यह मामला दहेज हत्या है या फिर किसी अन्य कारण से हुई मौत, इसका खुलासा पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। लेकिन शादी के कुछ ही समय बाद एक नवविवाहिता की मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। परिजन न्याय की मांग कर रहे हैं, जबकि पुलिस पूरे मामले की तह तक पहुंचने का दावा कर रही है।