Bihar Crime News: बिहार के गोपालगंज में प्रेम प्रसंग में एक युवक की पीट-पीट कर हत्या दी गई। घटना मोहम्मदपुर थाना क्षेत्र के मझवालिया गांव की है, जहां अपनी प्रेमिका से मिलने पहुंचे युवक को कथित तौर पर लड़की के परिजनों ने बंधक बनाकर बेरहमी से पीटा, जिससे उसकी मौत हो गई।
मृतक की पहचान पूर्वी चंपारण जिले के मोतिहारी अंतर्गत गोविंदगंज थाना क्षेत्र निवासी 23 वर्षीय बादल सिंह के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि बादल सिंह का मझवालिया गांव निवासी काजल कुमारी के साथ लंबे समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। काजल कुमारी शादीशुदा है और उसका एक बच्चा भी है हालांकि पारिवारिक विवाद के कारण वह इन दिनों अपने मायके में रह रही थी।
इसी बीच बीती रात बादल अपनी प्रेमिका से मिलने उसके घर पहुंच गया। लेकिन देर रात युवक के घर पहुंचने की भनक प्रेमिका के परिजनों को लग गई। आरोप है कि इसके बाद परिजनों ने युवक को पकड़ लिया और उसे बंधक बनाकर जमकर मारपीट की। मारपीट इतनी बेरहमी से की गई कि युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही मोहम्मदपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को इलाज के लिए नजदीकी ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
युवक की मौत के बाद हड़कंप मच गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए सदर एसडीपीओ-2 राजेश कुमार स्वयं मौके पर पहुंचे। उनके साथ एफएसएल यानी फॉरेंसिक साइंस लैब की टीम भी गांव पहुंची और घटनास्थल से कई अहम साक्ष्य जुटाए गए। पुलिस पूरे मामले की वैज्ञानिक और तकनीकी तरीके से जांच कर रही है। मृतक और संबंधित लोगों के मोबाइल फोन की भी जांच की जा रही है ताकि घटना से जुड़े हर पहलू का खुलासा हो सके।
एसडीपीओ राजेश कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में प्रेम प्रसंग का मामला सामने आया है। उन्होंने कहा कि युवक बादल कुमार अपनी प्रेमिका काजल कुमारी से मिलने उसके घर पहुंचा था, जहां लड़की के परिजनों द्वारा उसके साथ मारपीट की गई। पुलिस को सूचना मिलने के बाद तत्काल कार्रवाई करते हुए घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गोपालगंज के मॉडल सदर अस्पताल भेज दिया है। वहीं पूछताछ के लिए काजल कुमारी और उसकी मां को हिरासत में लिया गया है।
पुलिस का कहना है कि आवेदन प्राप्त होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही इस घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए छापेमारी भी जारी है। फिलहाल गांव में तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए पुलिस कैंप कर रही है। इस सनसनीखेज घटना के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। अब सबकी नजर पुलिस जांच पर टिकी है कि आखिर प्रेम प्रसंग में शुरू हुआ यह विवाद हत्या तक कैसे पहुंच गया और इस वारदात में कौन-कौन लोग शामिल थे।
रिपोर्ट- नमो नारायण मिश्रा, गोपालगंज