Bihar Crime News: बिहार में पूर्ण शराबबंदी कानून लागू है लेकिन शराब माफिया और तस्कर शराब तस्करी के नए-नए हथकंडे अपना रहे हैं। इस बार महिलाओं की आड़ में शराब की तस्करी का मामला सामने आया है।
दरअसल, गोपालगंज में उत्पाद विभाग की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक बोलेरो से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की है। वाहन में छह महिलाएं और एक पुरुष सवार थे। कार्रवाई कुचायकोट थाना क्षेत्र के पहाड़पुर गांव के समीप की गई है।
उत्पाद अधीक्षक अमृतेश कुमार झा के निर्देश पर उत्पाद विभाग की टीम ने पहाड़पुर गांव के समीप वाहन जांच अभियान चलाया। इसी दौरान एक बोलेरो को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान बोलेरो के अंदर छिपाकर रखी गई भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद हुई। बताया जा रहा है कि शराब को इस तरह से रखा गया था कि पहली नजर में किसी को शक न हो।
वाहन में छह महिलाएं और एक पुरुष सवार थे। महिलाओं की आड़ में शराब की तस्करी किए जाने की बात सामने आने के बाद उत्पाद विभाग की टीम ने सभी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
उत्पाद विभाग की ओर से बरामद शराब और वाहन को जब्त कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। साथ ही शराब तस्करी के इस नेटवर्क के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज की जांच की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि शराब कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था। फिलहाल उत्पाद विभाग की जांच जारी है और पूरे मामले में आगे और खुलासे की उम्मीद है।
रिपोर्ट- नमो नारायण मिश्रा, गोपालगंज