Bihar Crime News: गोपालगंज जिले के बैकुंठपुर थाना क्षेत्र में किशोरी के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी अफताब आलम को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने पूछताछ और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया था।



गिरफ्तार आरोपी की पहचान छपरा जिले के मसरख थाना क्षेत्र के सुंदर गांव स्थित मुन्ना आलम टोला निवासी अफताब आलम के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, घटना 10 अक्टूबर 2026 की है। सूचना मिलने के बाद बैकुंठपुर थानाध्यक्ष के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम की मदद ली।



वहीं, पीड़िता को मेडिकल जांच और उपचार के लिए सदर अस्पताल भेजा गया। मामले में पीड़िता के बयान के आधार पर बैकुंठपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। अनुसंधान के दौरान नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।



सदर एसडीपीओ-2 के मुताबिक, आरोपी राजापट्टी कोठी में फल की दुकान चलाता है। पीड़िता ने पहले उसकी दुकान से उधार फल खरीदे थे। पुलिस के अनुसार, उधार चुकाने के लिए जब पीड़िता दुकान पर पहुंची, तो आरोपी कथित तौर पर उसे बहला-फुसलाकर दुकान के पीछे स्थित गोदाम में ले गया और वहां दुष्कर्म किया। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

रिपोर्ट- नमो नारायण मिश्रा, गोपालगंज