CRIME: कहते हैं प्यार अंधा और बहरा दोनों होता है, जिस किसी को प्यार हो जाता है, उसे ना तो कुछ दिखाई देता है और ना ही सुनाई देता है। वो तो बस अपनी धून में खोया रहता है। ऐसा ही प्यार ननदोई से हुआ। जिसे पाने के लिए महिला ने ननदोई के साथ मिलकर पति को रास्ते से हटा दिया।
घटना उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद की है, जहां पति की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, पत्नी निशा ने अपने कथित प्रेमी पप्पू उर्फ गंगा भगत के साथ मिलकर पति अंशुल की हत्या की साजिश रची थी। इस मामले में पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
घटना खोड़ा थाना क्षेत्र की वंदना विहार कॉलोनी का है। मृतक अंशुल एक एक्सपोर्ट कंपनी में सिलाई कारीगर के रूप में काम करता था। रविवार को घर में घुसकर उसे गोली मार दी गई थी। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और करीब 12 घंटे के भीतर मामले का खुलासा करने का दावा किया।
दो साल से चल रहा था प्रेम प्रसंग
पुलिस ने बताया कि पूछताछ में सामने आया कि अंशुल की पत्नी निशा का अपने मौसेरे ननदोई पप्पू उर्फ गंगा भगत के साथ करीब दो साल से प्रेम प्रसंग था। इसकी जानकारी होने पर अंशुल ने विरोध किया। इस बात को लेकर घर में अक्सर विवाद होने लगा था। पुलिस का दावा है कि इसी विवाद के चलते निशा ने पप्पू के साथ मिलकर अंशुल को रास्ते से हटाने की साजिश रची।
अंशुल की गोली मारकर की हत्या
एसीपी इंदिरापुरम सूर्यबली मौर्य के मुताबिक, निशा के कहने पर पप्पू हत्या के लिए तैयार हो गया। दोनों ने योजना बनाई कि छुट्टी के दिन अंशुल घर में अकेला रहेगा और उसी दौरान वारदात को अंजाम दिया जाएगा।
पुलिस के अनुसार, पप्पू अपने गांव से 315 बोर का तमंचा खरीदकर लाया। योजना के मुताबिक, रविवार को निशा काम के लिए कंपनी चली गई, जबकि अंशुल घर में था। इसी दौरान पप्पू घर में घुसा और अंशुल को गोली मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई।
पत्नी और कथित प्रेमी गिरफ्तार
पुलिस ने जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर निशा और पप्पू उर्फ गंगा भगत को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।