GAYA:गया पुलिस को मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान में बड़ी सफलता मिली है। डेल्हा थाना क्षेत्र में गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में गांजा की खरीद-बिक्री कर रहे दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 930 ग्राम गांजा, एक देसी लोडेड पिस्टल और 7.65 एमएम की तीन जिंदा गोलियां बरामद की हैं।
जानकारी के अनुसार, 6 जुलाई को दोपहर करीब 2:15 बजे पुलिस को सूचना मिली थी कि डेल्हा थाना क्षेत्र के एक मकान में अवैध रूप से गांजा की खरीद-बिक्री की जा रही है। सूचना मिलते ही सिटी एसपी के निर्देश पर डेल्हा थाना पुलिस ने तत्काल छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने नितीश कुमार उर्फ नटवर और सुजीत कुमार को मौके से गिरफ्तार कर लिया। तलाशी लेने पर उनके पास से 930 ग्राम गांजा, एक देसी लोडेड पिस्टल तथा 7.65 एमएम की तीन जिंदा गोलियां बरामद हुईं।
पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे गांजा खरीदकर उसकी अवैध बिक्री का कारोबार करते थे। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार दोनों आरोपियों का पहले से भी आपराधिक इतिहास रहा है।
पुलिस ने बरामद गांजा, हथियार और कारतूस को जब्त कर लिया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
फिलहाल पुलिस इस पूरे नेटवर्क की गहन जांच में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि यह पता लगाया जा रहा है कि इस अवैध कारोबार में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा इसकी सप्लाई चेन कहां तक फैली हुई है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
गया से नितम राज की रिपोर्ट