Bihar Crime News: बिहार के गयाजी जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 41 ग्राम ब्राउन शुगर जैसे पदार्थ के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी झारखंड की राजधानी रांची के निवासी बताए गए हैं। पुलिस ने उनके पास से एक काले रंग की थार गाड़ी और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।




पुलिस की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 18 अक्टूबर 2026 को शेरघाटी-1 के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी संदीप कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि झारखंड की ओर से थार गाड़ी में मादक पदार्थ लाया जा रहा है। सूचना मिलने के बाद आमस थाना पुलिस ने एक छापेमारी दल गठित किया और संदिग्ध वाहन की जांच शुरू की।




पुलिस ने आमस टोल प्लाजा के पास काले रंग की थार गाड़ी को रोककर तलाशी ली। इस दौरान चालक की सीट के नीचे छिपाकर रखा गया 41 ग्राम ब्राउन शुगर जैसा मादक पदार्थ बरामद हुआ। इसके बाद गाड़ी में सवार दोनों व्यक्तियों को गिरफ्तार कर लिया गया। 




गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रंजन कुमार (26 वर्ष) और सुचित कुमार (29 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान कथित मादक पदार्थ के अलावा थार गाड़ी और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। इस मामले में आमस थाना कांड संख्या 387/26 दर्ज किया गया है।




पुलिस के अनुसार, आरोपियों के खिलाफ मादक पदार्थ एवं मन:प्रभावी पदार्थ अधिनियम (NDPS Act) की धारा 8(सी)/21(बी) के तहत कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है और मादक पदार्थ की आपूर्ति से जुड़े संभावित नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है।

रिपोर्ट- नितम राज, गयाजी