EAST CHAMPARAN: पूर्वी चंपारण में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस और एसएसबी की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली है। छौड़ादानों थाना क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए टीम ने 2 किलो 50 ग्राम अफीम बरामद किया है। इसकी अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई जा रही है। मौके से तीन तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। तस्करी में इस्तेमाल एक ई-रिक्शा और तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।


मामला पूर्वी चंपारण जिले के छौड़ादानों थाना क्षेत्र का है। पुलिस के अनुसार, 8 नवंबर को एसएसबी की 71वीं वाहिनी को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ तस्कर नेपाल से भारत में मादक पदार्थों की खेप लेकर आने वाले हैं।


सूचना मिलते ही एसएसबी और बिहार पुलिस की संयुक्त टीम ने ग्राम धरहरी के पास वाहन जांच अभियान शुरू किया। इसी दौरान एक संदिग्ध ई-रिक्शा की तलाशी ली गई, जिसमें से 2 किलो 50 ग्राम अफीम जैसा मादक पदार्थ बरामद हुआ।


इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार तस्करों की पहचान फिरोज अहमद, बिपिन कुमार और नेपाल के बारा जिले के रहने वाले दिलीप कुमार सहनी के रूप में हुई है।


पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल ई-रिक्शा और तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। फिलहाल गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि मादक पदार्थों की खेप नेपाल से कहां लाई गई थी और इसकी सप्लाई किन लोगों तक की जानी थी।


साथ ही, इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए भी जांच की जा रही है। मामले में पुलिस की आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।