EAST CHAMPARAN: पश्चिम बंगाल के बर्द्धमान जिले में हुए चर्चित जीवा ज्वेलर्स चोरी कांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। चोरी किए गए सोने और डायमंड के आभूषणों को नेपाल में बेचने की तैयारी कर रहे पूर्वी चंपारण के एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के पास से बड़ी मात्रा में चोरी के गहने और मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
पश्चिम बंगाल के बर्द्धमान जिले में हुए चर्चित ज्वेलरी चोरी कांड का खुलासा पुलिस ने किया है। चोरी किए गए बहुमूल्य आभूषणों को नेपाल में बेचने की तैयारी कर रहे पूर्वी चंपारण निवासी एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। जानकारी के अनुसार, बर्द्धमान थाना कांड संख्या-582/26 में 20 मई 2026 को मीलपुर स्थित जीवा ज्वेलर्स का शटर काटकर अज्ञात अपराधियों ने लाखों रुपये मूल्य के आभूषणों की चोरी कर ली थी। घटना के बाद बर्द्धमान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचना के आधार पर जांच शुरू की।
वरीय अधिकारियों के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने कार्रवाई करते हुए पूर्वी चंपारण जिले के झरोखर थाना क्षेत्र के विष्णुपुर निवासी रोमन कुमार यादव उर्फ राजेश यादव को अठमुहान सैनिक रोड से गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके पास से चोरी के डायमंड जड़ित सोने की अंगूठियां, कान की बाली, नाक की बाली, सोने की चैन तथा एक मोबाइल फोन बरामद किया गया।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह चोरी के आभूषणों को नेपाल में बेचने की योजना बना रहा था। पुलिस ने बरामद आभूषणों की फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी कराकर उन्हें विधिवत जब्त कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी को बरामद सामान के साथ आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए बर्द्धमान (पश्चिम बंगाल) पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है। मामले में अन्य आरोपियों की संलिप्तता और नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।