Bihar Road Accident: बिहार के शेखपुरा में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में महिला की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग घायल हो गए. परिवार के लोग बच्चे का मुंडन कराने के लिए अर्टिगा कार से देवघर जा रहे थे. इसी दौरान चेवाड़ा थाना क्षेत्र में चालक का गाड़ी से नियंत्रण हट गया और कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई. हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई.
घटना चेवाड़ा थाना से करीब 600 मीटर आगे की है. मृतका की पहचान वैशाली जिले के गरौल धानी निवासी हरिश्चन्द चौरसिया की पत्नी सुनीता देवी के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार, नालंदा जिले के सारे थाना क्षेत्र के जियर गांव से एक परिवार के लोग बच्चे के मुंडन कार्यक्रम के लिए देवघर जा रहे थे.
अर्टिगा कार में सवार थे 12 लोग
बताया जा रहा है कि अर्टिगा कार में कुल 12 लोग सवार थे. इनमें महिला, पुरुष और बच्चे भी शामिल थे. सभी लोग बच्चे के मुंडन कार्यक्रम को लेकर देवघर जा रहे थे. इसी दौरान चेवाड़ा थाना क्षेत्र में चालक ने गाड़ी से नियंत्रण खो दिया और कार हादसे का शिकार हो गई. दुर्घटना में कई लोग घायल हो गए, जबकि सुनीता देवी की मौत हो गई.
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. आसपास मौजूद स्थानीय लोगों ने तुरंत मदद करते हुए घायलों को अस्पताल पहुंचाया. घायलों में अंजित चौरसिया, मथुरा चौरसिया, रेखा देवी, दिलखुश कुमार, रविराज कुमार, सुदामा कुमार, किरण कुमारी और नेहा कुमारी समेत अन्य लोग शामिल हैं.
घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है. जानकारी के मुताबिक, अधिकांश घायलों को मामूली चोटें आई हैं. हादसे की खबर मिलते ही परिजन भी अस्पताल पहुंचने लगे. बच्चे के मुंडन कार्यक्रम के लिए निकले परिवार में इस दुर्घटना के बाद खुशियों की जगह मातम पसर गया है.