Lahori Gate robbery: दिल्ली के लाहौरी गेट इलाके में लूट की बड़ी वारदात सामने आई है। यहां चार बदमाशों ने एक दफ्तर में घुसकर 2 करोड़ 30 लाख रुपये लूट लिए और मौके से फरार हो गए।
जानकारी के मुताबिक, आरोपियों ने पिस्टल की नोक पर कर्मचारी को डराया और अलमारी में रखी नकदी बैग में भरकर फरार हो गए। यह घटना बुधवार, 28 अक्टूबर की बताई जा रही है। वारदात को अंजाम देने के बाद चारों आरोपी पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन के सामने पहले से खड़ी एक कार में बैठकर फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए लाहौरी गेट थाना पुलिस ने लूट की संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने के लिए जुट गई है। इसके लिए चार अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं, जो घटनास्थल और आरोपियों के फरार होने के रास्ते पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही हैं।
पुलिस के मुताबिक, वारदात के दौरान आरोपियों ने अपने चेहरे नहीं ढके थे। ऐसे में पुलिस को उम्मीद है कि उनकी पहचान जल्द हो जाएगी और उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।