Bihar Crime News: बिहार के दरभंगा जिले के सिंहवाड़ा थाना क्षेत्र में बीती देर रात शराब के नशे में हंगामा करने की सूचना पर पहुंची डायल-112 की टीम पर एक युवक ने हमला कर दिया। घटना में डायल-112 टीम के चार पुलिसकर्मी घायल हो गए। इनमें एक पुलिस पदाधिकारी को गंभीर चोट लगने की बात सामने आई है। सभी घायलों का इलाज सिंहवाड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कराया गया। घटना के बाद पुलिस ने मौके से आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया।
घायलों की पहचान डायल-112 टीम में तैनात एसआई दिनेश शर्मा (53), सिपाही अनीश कुमार (24), सिपाही रौशन कुमार (26) और सिपाही मनिता कुमारी (24) के रूप में हुई है। बताया गया कि एसआई दिनेश शर्मा को घटना में गंभीर चोट लगी है। वहीं, सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची थाना पुलिस की गश्ती टीम के एक पुलिसकर्मी के भी घायल होने की सूचना है।
जानकारी के अनुसार, डायल-112 पर सूचना मिली थी कि सिंहवाड़ा थाना क्षेत्र के भरवाड़ा वार्ड नंबर-1 में एक व्यक्ति शराब के नशे में हंगामा कर रहा है। सूचना मिलने के बाद डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची। वहां पुलिस ने देखा कि एक युवक शराब के नशे में गाली-गलौज करते हुए हंगामा कर रहा था।
पुलिसकर्मियों ने जब युवक को समझाने और पकड़ने का प्रयास किया तो उसने पुलिस टीम के साथ मारपीट शुरू कर दी। अचानक हुए हमले में डायल-112 की टीम के चार पुलिसकर्मी घायल हो गए। घटना की जानकारी सिंहवाड़ा थाना पुलिस को दी गई, जिसके बाद गश्ती दल भी मौके पर पहुंचा।
काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने हंगामा कर रहे युवक को काबू में किया। आरोपी की पहचान मिट्ठू कुमार साहू (25) के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे विधिवत गिरफ्तार कर हथकड़ी लगाई और मेडिकल जांच के लिए सिंहवाड़ा सीएचसी पहुंचाया।
अस्पताल में भी आरोपी युवक के नशे में होने की बात सामने आई। पुलिस के अनुसार, ब्रेथ एनालाइजर मशीन से जांच के दौरान आरोपी ने शुरू में मशीन में फूंकने में सहयोग नहीं किया। बाद में उसकी जांच की गई। अस्पताल में इलाज और मेडिकल जांच के दौरान भी वह पुलिसकर्मियों के साथ गाली-गलौज करता रहा।
घटना के बाद सभी घायल पुलिसकर्मियों को सिंहवाड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां उनका इलाज किया गया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, घायल पुलिसकर्मियों की स्थिति पर नजर रखी जा रही है। एसआई दिनेश शर्मा को चोट अधिक होने के कारण विशेष निगरानी में रखा गया है।
कमतौल एसडीपीओ शुभेंद्र कुमार सुमन ने बताया कि डायल-112 पर सूचना मिली थी कि भरवाड़ा वार्ड नंबर-1 में एक व्यक्ति शराब के नशे में हंगामा कर रहा है। सूचना के सत्यापन के लिए डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची थी। वहां आरोपी मिट्ठू कुमार साहू ने पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट की, जिसमें कई पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। आरोपी के शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई है।
रिपोर्ट- गिरिश कुमार, दरभंगा